न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में अब बच्चों के नाम से पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने पत्र जारी कर अनोखी पहल को अपनाने के लिए प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है।
डीआईओएस ने पत्र के माध्यम से कहा है कि अक्सर सामने आता है कि रोपे गए पौधों में से कई पौधे तो देखभाल न होने के चलते नष्ट हो जाते हैं। हालांकि इस बार लक्ष्य के अनुरूप पौधे तो रोपे ही जाएंगे। लेकिन इससे अलग विद्यालयों में एक से 12 तक पढ़ने वाले विद्यार्थी का जिस दिन जन्मदिन हो।
उस दिन उसी छात्र या छात्रा से विद्यालय परिसर में पौैधे का रोपण कराया जाए। पौधे रोपने वाले स्थान पर विद्यार्थी का नाम तथा पौधे लगाने की तारीख की पट्टिका भी लगाएं। खुद के नाम से पौधा रोपने के कारण विद्यालय के विद्यार्थी अपने नाम वाले पौधे का संरक्षण भी करते रहेंगे।
इससे उनके मन में पर्यावरण संरक्षण की संवेदनाएं उत्पन्न होने लगेंगी और स्वत: ही बच्चे अपने पौधे का संरक्षण भी करेंगे। इससे हमारे द्वारा लगाए गए पौधे लंबे समय तक आने वाली पीढ़ियों को लाभ देंगे और प्रकृति नियम का हिस्सा बनेंगे। सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित करते हुए डीआईओएस ने इस अनोखी पहल को अपनाने के लिए कहा है।