न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
बेसिक शिक्षा विभाग के जूनियर हाईस्कूल से आठ पास करने वाले विद्यार्थी अब घर नहीं बैठेंगे। पास करने वाले प्रत्येक छात्र छात्रा का ब्यौरा इकट्ठा कर माध्यमिक शिक्षा विभाग को दिया जाएगा। ताकि सभी विद्यार्थियों का कक्षा नौ में दाखिला सुनिश्चित किया जा सके। इससे अब घर बैठने वाले छात्र छात्राओं की संख्या में कमी आएगी। शासन ने बीएसए को इस संबंध में आदेश दिए हैं।
विगत वर्षों में संज्ञान में आया कि बेसिक स्कूलों से कक्षा आठ पास कर बच्चे घर बैठ जाते हैं। फीस के अभाव में ये बच्चे किसी विद्यालय में दाखिला भी लेने नहीं जाते। इससे काफी युवा पीढ़ी शिक्षा से वंचित रह जाते। शासन ने इस संबंध में बीएसए को सभी बच्चों का ब्यौरा माध्यमिक शिक्षा विभाग से साझा करने के लिए कहा है।
ब्यौरे के तहत स्कूल से मार्कशीट लेने वाले बच्चों की संख्या, टीसी कटवाने वाले बच्चों की संख्या, उनका नाम, पता आदि आंकड़े जुटाए जाएंगे। क्योंकि अगर बच्चे ने टीसी ही नहीं कटवाई है तो इसका मतलब विद्यार्थी आगे किसी कक्षा में प्रवेश नहीं लेगा।
ब्यौरे के माध्यम से संबंधित बच्चे को ट्रेस किया जाएगा और परिजनों को समझाकर छात्र-छात्रा का माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में दाखिला करवाया जाएगा। बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि ब्यौरा इकट्ठा करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह ब्यौरा माध्यमिक शिक्षा विभाग से साझा किया जाएगा, ताकि प्रत्येक बच्चे का दाखिला कक्षा नौ में सुनिश्चित किया जा सके।