न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अकराबाद (अलीगढ़)।
जिला मुख्यालय से महज 23 किलोमीटर की दूरी पर जीटी रोड स्थित अकराबाद कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार की रात एक नवजात की मौत हो गई। स्वास्थ्य कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने सीएचसी में जमकर हंगामा काटा। स्वास्थ्य कर्मियों पर रुपये मांगने का भी आरोप परिजनों ने मढ़ा है।
कस्बा पिलखना निवासी आसिफ पुत्र शमशाद खां के अनुसार उनकी पत्नी सोनी को प्रसव पीड़ा होने पर गुरुवार को सीएचसी में भर्ती कराया था। डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए कहा और प्रसव के नाम पर पांच हजार रुपये की फीस मांगी। साथ ही स्टाफ को 700 रुपये दिला दिए।
आसिफ के अनुसार गरीबी के कारण व पांच हजार रुपये का इंतजाम नहीं कर सके। आरोप है कि इस पर स्वास्थ्य कर्मियों ने लापरवाही शुरू कर दी। इससे रविवार की रात करीब 11 बजे जच्चा बच्चा वार्ड में भर्ती नवजात शिशु की तबीयत बिगड़ गई।
वह देर रात तक मदद के लिए अस्पताल में इधर उधर दौड़ते रहे लेकिन प्रसव वार्ड के स्टाफ रूम में अंदर से कुंडी लगाकर स्टाफ सोता रहा। कहा कि वह आधा घंटे तक स्टाफ रूम का दरवाजा पीटते रहे लेकिन दरवाजा नहीं खुला। अन्य लोगों के पहुंचने पर नर्स बाहर निकली, तब तक नवजात की हालत काफी बिगड़ चुकी थी।
आननफानन में एंबुलेंस से नवजात को जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने के दस मिनट बाद ही नवजात की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। अवैध उगाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
मामले की जानकारी हुई है। मंगलवार को (आज) अकराबाद सीएचसी में इस मामले की जांच कराई जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. एमएल अग्रवाल, सीएमओ।