न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सर्दियों में रेल पटरियों के चटकने के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए रेलवे के उच्चाधिकारियों ने कमर कस ली है। उच्चाधिकारियों की ओर से सख्त आदेश हैं कि सभी रेल खंडों के अधिकारियों से लेकर गैंगमेन और ठेकेदार पटरियों पर सख्त निगरानी रखेंगे।
अगर, सर्दी में किसी भी ट्रेन के पटरियों के चटकने के कारण दुर्घटना ग्रस्त होने का मामला सामने आया तो इसमें संबधित अधिकारी से लेकर गैंगमेन और ठेकेदार के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
इसके लिए रेलवे की ओर से सभी रेल खंडों को अतिरिक्त जोनल एवं फिश प्लेट भी उपलब्ध करा दी गई है, जिससे जरूरत के अनुसार तत्काल खराब प्लेट को बदला जा सके।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी एसके गुप्ता ने बताया कि सभी स्टेशन अधीक्षकों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इस मामले में तोड़ी भी चूक बरतना भारी पड़ सकता है।
स्टेशन अधीक्षकों को सतर्क किया गया है कि ट्रैकों की निगरानी के लिए भी गैंगमेन को समय-समय पर निर्देश देते रहें। बता दें कि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सर्दी आते ही रेलवे की पटरियों के चटकने के मामले सामने आने लगते हैं। इसके कारण कई बार हादसे भी देखने को मिले हैं।