न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सेंटर प्वाइंट चौराहा पर नगर निगम की भूमि पर हो रहा पुलिस चौकी निर्माण का कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। बाजार के कुछ व्यापारियों ने चौकी का निर्माण कार्य रुकवाने की डीएम से गुहार लगाई है। सोमवार देर रात उन्होंने मौके पर पहुंच विरोध भी किया। वहीं, पुलिस इस मामले में किसी भी प्रकार के विवाद से इंकार कर रही है।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के सेंटर प्वाइंट बाजार शहर के प्रमुख बाजारों में से एक है। काफी समय से यहां व्यापारियों को बदमाशों से जूझना पड़ रहा है। बाजार में आए दिन छिनैती और जेब कटने की घटनाएं सामने आती हैं। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए व्यापारियों की मांग पर पुलिस वहां चौकी निर्माण का कार्य करा रही है।
चौकी निर्माण का कार्य नगर निगम की पार्क की जमीन पर हो रहा है। कुछ व्यापारियों में इसी बात को लेकर आक्रोश है। वह पार्क की जमीन पर चौकी बनाने का विरोध कर रहे हैं। पहले तो उनका विरोध अंदरूनी था। मगर अब वह खुलकर विरोध में आ गए हैं। सोमवार को व्यापारी राजीव जलाली के साथ कुछ और व्यापारी डीएम के पास पहुंचे।
उन्होंने चौकी निर्माण कार्य को गलत बताते हुए उसे रुकवाने की मांग की। हालांकि उस बाजार के कुछ व्यापारी अभी भी पुलिस के समर्थन में हैं और वह चौकी निर्माण कार्य को रुकवाना गलत ठहरा रहे हैं। थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल चौकी निर्माण कार्य को लेकर कोई विवाद नहीं है। सब कुछ शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है।