न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सासनी। कस्बा एवं ग्रामीण अंचल के जन सुविधा केंद्र के संचालन में प्रशासन की मनमानी से परेशान हैं। सोमवार को सभी जन सुविधा केंद्र संचालकों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपने केंद्रों पर कामकाज बंद रखा। सहयोग नहीं करने का आरोप लगाते हुए कमीशन नहीं देने का भी आरोप लगाया है।
जन सुविधा केंद्र संचालकों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा करीब एक वर्ष से उन्हें कमीशन नहीं दिया गया है, जिससे उनके परिवारों के सामने भरण-पोषण की समस्या पैदा हो गई है। आरोप है कि खतौनी नहीं निकालने के बाद भी पैसों की कटौती कर ली है। आरोप है कि को-ऑर्डिनेटर भी सहयोग नहीं करते हैं। केंद्र संचालकों का कहना है कि कंपनी द्वारा उनका शोषण किया जा रहा है।
आरोप है कि कंपनी द्वारा सुविधा शुल्क लेकर केंद्र बांटे गए हैं। केंद्र संचालकों का कहना है कि मोबाइल पर ही प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था कर दी है, जिससे उनके सामने आर्थिक तंगी की स्थिति पैदा हो गई है। प्रदर्शन करने वालों में सुभाष कुशवाहा, भूपेंद्र कुमार, राजेश कुमार, धीरेश दीक्षित, मनोज कुमार, सुनील शर्मा, जितेंद्र कुशवाहा, जगवीर सिंह आदि मौजूद थे।