न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सासनी। तहसील के एक लेखपाल का सुविधा शुल्क लेते हुए वीडियो वायरल होने से खलबली मच गई। यह वीडियो तहसील ही नहीं, बल्कि नगर में भी चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि प्रशासन तक अभी यह वीडियो नहीं पहुंचा है। एसडीएम वीडियो मिलने पर कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।
दरअसल, इस वीडियो में दावा किया गया है कि शुक्रवार को तहसील में तैनात एक लेखपाल ने ग्राम हर्दपुर के एक किसान के खसरा बनाए थे। खसरों के बदले में लेखपाल ने किसान से सुविधा शुल्क वसूल किया था। पड़ोस में खड़े व्यक्ति ने सुविधा शुल्क वसूल करते हुए लेखपाल का वीडियो बना लिया।
थोड़ी देर बाद वीडियो वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने पर प्रशासन में खलबली मच गई। एसडीएम नीतीश कुमार सिंह का कहना है कि उन्हें अभी अधिकृत वीडियो नहीं मिला है। वीडियो मिलने पर जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर लेखपाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।