न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सासनी। क्षेत्र में सांड़ों की दहशत से लोग परेशान हैं। सांड़ों के विचरण से किसान और आम लोग परेशान हैं। कई बार आवारा पशुओं से मुक्ति दिलाने की मांग की गई है, लेकिन शासन-प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। शनिवार की देर शाम ग्राम रहना में शौच के लिए जा रहे एक किसान को सांड़ ने पटक-पटककर मार दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों की दहशत और बढ़ गई है।
किसानों की रबी, खरीफ और जायद की फसलों को आवारा सांड़ अपना ग्रास बना लेते हैं। किसान पूरी रात अपने खेतों की मेड़ पर बैठकर फसल की रखवाली कर रहे हैं, फिर भी आवारा पशु फसल को तबाह कर जाते हैं। किसानों ने अपने संगठन के माध्यम से आवारा पशुओं के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की है, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
इसका ही नतीजा है कि शनिवार की देर शाम ग्राम रहना में सांड़ के हमले में किसान की मौत के रूप में सामने आया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण प्रशासन से भी मिले। एसडीएम नीतीश कुमार का कहना है कि मृतक किसान को सर्वहित बीमा योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जा रही है। पात्र होने पर अन्य लाभ भी दिए जाएंगे।