फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा का गौ प्रेम दिखावा, सबसे बड़ा गौभक्त है किसान

विज्ञापन
विज्ञापन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खैर (अलीगढ़)।
विज्ञापन


भाजपा सरकार के खिलाफ रालोद ने गो रक्षा-किसान रक्षा पंचायत कर 2019 की ताल ठोक दी है । गोरक्षा को लेकर गुरुवार को गांव भानौली में आयोजित हुई राष्ट्रीय लोकदल की महापंचायत में रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने भाजपा को गोरक्षा के मुद्दे पर घेरा। कटाक्ष करते हुए कहा कि योगी और मोदी सरकार का गो प्रेम दिखावा मात्र है। कहा कि आज तक गोरक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। यहां तक कि पूरे प्रदेश में न तो एक भी गोशाला खोली गई और न ही किसी गोशाला को अनुदान जारी किया गया, जबकि इसके उलट गोरक्षा की मांग को लेकर धरना दे रहे ग्रामीणों पर बल का प्रयोग किया गया। किसानों की आवाज उठा रहे लोकेश तिवारी को जेल भेज दिया गया। इससे ज्यादा निंदनीय और कुछ भी नहीं हो सकता।

जयंत ने कहा कि तथाकथित हिंदूवादी संगठनों की आड़ में गुंडों ने गोरक्षा के नाम पर दलाली की दुकानें खोल ली हैं। उनकी गुंडई की वजह से किसान अपने पशुओं को बाजार में बेच तक नहीं पा रहे हैं। भाजपा केवल नफरत की राजनीति के लिए गाय को आगे कर किसानों और जनता को गुमराह कर रही है। वास्तविक गोरक्षक तो सिर्फ किसान ही है। वहीं किसान जब गाय और अपनी फसल को बचाने के लिए गोशाला की मांग करते हैं तो उन पर लाठियां बरसा दी जाती हैं। ये कैसी सरकार है जिसे किसानों की पीड़ा नहीं दिख रही है।
विज्ञापन


इसी क्रम में उन्होंने मोदी सरकार को झूठों की सरकार बताते हुए कहा कि ये सरकार किसानों, गरीबों, और नौजवानों से झूठ बोल रही है। गौशाला बनाने के लिए सरकार पर रुपये नहीं हैं, लेकिन विदेश घूमने और प्रचार में खर्च करने के लिए बहुत हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। कहा कि रालोद किसानों, युवाओं, गरीबों की पार्टी है। यह पार्टी ही 2019 में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेेकेंगी। उन्होंने किसानों से भाजपा के खिलाफ पोल खोल अभियान जारी रखने का आह्वान किया। इसके बाद एडीएम प्रशासन आरएन शर्मा को गोशाला बनवाने के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया।

छुट्टे सांडों को भगाओ, जयंत को लाओ:मसूद
पंचायत में रालोद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद का संबोधन चर्चाओं में रहा । डॉ. मसूद अहमद ने किसानों से कहा कि 2014 में धोखा खाकर आपने छुट्टे सांडों को चुना, अब भुगत रहे हो । उन्होंने कहा कि 2019 में अगर अपनी भलाई चाहते हो तो इन छुट्टे सांडों को भगाओ वर्ना सब-कुछ हाथ से चला जायेगा । उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में सिर्फ जयन्त चौधरी किसानों और नौजवानों की आवाज उठा रहे हैं। इनको मजबूत करो, ताकि किसानों की आवाज जिंदा रह सके । उन्होंने कहा कि भाजपा गाय पर राजनीति कर रही है। अब लोग समझ चुके हैं। इसके बहकावे में आने वाले नहीं हैं ।

जनसभा को इन्होंने भी किया संबोधित
जनसभा को रालोद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद, प. उप्र अध्यक्ष डॉ. अनिल चौधरी, पूर्व सांसद व कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ.बिजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक भगवती प्रसाद, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मुकेश भारद्वाज, जिलाध्यक्ष रामबहादुर चौधरी, रालोद नेता जियाउर्रहमान, प्रतीक चौधरी एडवोकेट, पूर्व विधायक सुदेश शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने फूलों का हार पहनाकर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी का अभिनंदन किया। इस अवसर पर मनु बाल्यान, वीरपाल राठी, ओमपाल सूर्यवंशी, नवाब सिंह छोंकर, चौ. हंबीर सिंह, चौ. शिवकुमार, अमित चौहान, रणधीर प्रधान, सुमन दिवाकर, हरचरण सिंह, सीपी सिंह धनगर, गोपाल चौधरी, कुलदीप चौधरी, सुलेखा सिंह आदि मौजूद रहे।

भाषण पर लोकेश को टोकने पर ग्रामीणों ने की हूटिंग
महापंचायत में लोकेश तिवारी ने जब माइक से भाषण में पिछले दिनों धरना प्रदर्शन में अपने साथ हुए वाकये को सुनाया तो पार्टी पदाधिकारियों को यह रास नहीं आया। इसके बाद जब उसने काफी देर तक रालोद पार्टी के बारे में जिक्र नहीं किया तो पूर्व विधायक भगवती प्रसाद सूर्यवंशी ने उन्हें टोक दिया। इस पर सामने बैठे ग्रामीण भड़क गए। वे लोकेश तिवारी को सुनना चाहते थे। इसलिए ग्रामीणों ने हूटिंग शुरू कर दी। इस पर लोकेश तिवारी से संबोधन जारी रखने के लिए कहा गया। तब कहीं जाकर ग्रामीण शांत हुए। वहीं भीड़ के रुझान को देखते हुए जयंत चौधरी ने पूर्व विधायक को चुप रहने का इशारा भी किया।
विज्ञापन


अव्यवस्था पर भड़के जयंत
किसान महापंचायत में जैसे ही रालोद नेता जयंत चौधरी मंच पर पहुंचे तो अनेक नेता कार्यकर्ता मंच पर चढ़ गए। वे पहले माला पहनाने की होड़ में धक्का मुक्की करने लगे। यह देख जयंत चौधरी का पारा हाई हो गया। जिस पर उन्होंने औपचारिक स्वागत के बाद किसी भी कार्यकर्ता से न पगड़ी बंधवाई और ना ही गले में माला डलवाई। बल्कि स्वयं खड़े होकर मंच को घेरे खड़े कार्यकर्ताओं को सुव्यवस्थित तरीके से सामने की कुर्सियों पर बैठने को कहा। इस तरीके से काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें