न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हसायन क्षेत्र के गांव नगला मियां में बुधवार को तिरंगा यात्रा में शोर-शराबे का विरोध करना एक शोकाकुल परिवार के लोगों को महंगा पड़ गया। शोकाकुल परिवार के लोगों ने जब युुवाओं से डीजे बंद करने का आग्रह किया, लेकिन यह युवक नहीं माने और जबरन गांव में यात्रा निकालने की बात कहते हुए गाली-गलौज और मारपीट कर दी, जिससे गांव में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। इस मामले की रिपोर्ट शोकाकुल परिवार के एक सदस्य ने सात लोगों के खिलाफ दर्ज कराई है।
हरिओम पुत्र नेत्रपाल सिंह ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि बुधवार को उसके भाई की मौत हो गई थी। गांव में उसके भाई का शव रखा हुआ था। तभी गांव के ही कुछ युवक डीजे और साउंड लगाकर तिरंगा यात्रा निकालने लगे।
हरिओम ने उन्हें शोक के माहौल का हवाला देते हुए शांतिपूर्ण तरीके से तिरंगा यात्रा निकालने के लिए कहा, लेकिन इन युवकों ने जिद करते हुए उनके परिवार के लोगों से गाली-गलौज और मारपीट कर दी। फरसा से प्रहार कर कई लोगों को घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की रिपोर्ट हरिओम ने गांव के ही राजेंद्र सिंह, मनोज कुमार, हरिओम, राजकुमार, ओमप्रकाश, शिवम और कृष्णा निवासी सिकंदराराऊ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में दर्ज कराई है।