न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सिकंदराराऊ। नगर के मोहल्ला करीम नगर की चार महिलाओं सेे शुक्रवार को मुफ्त गैस सिलेंडर दिलवाने का झांसा देकर 8,400 रुपये ठग लिए गए।
बता दें कि मोहल्ले में एक शख्स टेंपो लेकर पहुंचा। वहां प्रचार किया गया कि वह सरकारी योजना के गैस सिलेंडर मुफ्त देंगे। चार महिलाओं ने 2,100 रुपये प्रति सिलेंडर की दर से पैसे इकट्ठा करके दे दिए। इसके बाद ठग महिलाओं को टेंपो में बिठाकर यह कहकर ले गए कि सिलेंडर की डिलीवरी दिलवाते हैं। इसके बाद टेंपो हाथरस रोड पहुंचा।
कुछ महिलाओं ने कहा कि वह तो सिलेंडर मिलने के बाद ही पैसे देंगी। कई अन्य महिलाएं भी टेंपो में बैठ गईं। जिन महिलाओं ने पैसे नहीं दिए, उनको हाथरस रोड पर रति के नगला पर छोड़ दिया गया। बाकी को यह कहकर टेंपो वाला शख्स ले गया कि मेंडू की एजेंसी से सिलेंडर दिलवाएगा। चार महिलाओं को मेंडू पर सिलेंडर के लिए इंतजार करने की कहकर छोड़ दिया गया। जब महिलाएं काफी देर तक घर नहीं पहुंचीं तो उनकी तलाश शुरू हुई। शाम को महिलाएं कोतवाली पर आईं और बिना कोई तहरीर दिए लौट गईं।