न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सादाबाद। एसडीएम ज्योत्सना बंधु के औचक निरीक्षण और कड़े निर्देशों के बाद शनिवार को सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर व्यवस्थाओं में सुधार कर दिया गया। ऑपरेशन थिएटर, पुरुष वार्ड और इमरजेंसी वार्ड में गंदी चादरों की जगह नई चादरें बेडों पर बिछाई गईं। सीएचसी के अंदर और बाहर सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया। सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर ने सीएचसी का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
सीएमओ को बेडों पर चादरें, स्ट्रेचर और वॉशे बेसिन सही सही स्थिति में मिले। डायबिटीज की दवाएं भी सीएचसी पर उपलब्ध थीं। एंटीबायोटिक और पैरासीटामोल की दवा के बारे में सीएमओ ने बताया कि इन दवाओं की ऊपर से ही सप्लाई नहीं आ रही। शासन को पत्र लिखा गया है। सीएमओ ने सीएचसी के दवा स्टोर रूम का निरीक्षण किया, जिसके स्टॉक रजिस्टर में कुछ कमियां मिलने पर उन्हें दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिए। एफआरयू की दो स्टाफ नर्सों से सेनेटरी नैपकीन के इस्तेमाल के बारे में सवाल किए , लेकिन वह जवाब नहीं दे सकीं। इस पर सीएमओ खासे नाराज हुए और उन्हें फटकार लगाई। सीएचसी प्रभारी को कंडोम बॉक्स का रजिस्टर मेंटेन किए जाने के लिए कहा। वार्ड बॉय और स्वीपरों को भी सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए।
एफआरयू में गर्भावस्थी प्रगति रजिस्टर को देखा, जिसमें बच्चे का जन्म ग्राम में नहीं लिखे जाने पर नाराजगी जाहिर की। यहां मौजूद ट्रेन में अनावश्यक दवाएं होने और प्रसव के कुछ देर बाद ही जच्चा बच्चा को घर भेज दिए जाने पर फटकार लगाई। प्रसव के लिए 108 एंबुलेंस के जरिए आने वालीं यहां आने वाली महिलाओं की स्लिप के बारे में जानकारी की तो सीएचसी प्रभारी ने बताया कि 108 एंबुलेंस कर्मी कोई स्लिप नहीं देते। सीएमओ ने 108 एबुलेंस कर्मियों को जमकर फटकारा और कार्रवाई करने की चेतावनी दी। रेफर इन और रेफर आउट रजिस्टर बनाने के भी निर्देश दिए। सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि एसडीएम और सीएमओ के निर्देशों के बाद सीएचसी पर व्यवस्थाओं में सुधार कर दिया गया है। महिला शौचालय की स्थिति को भी ठीक करा दिया गया है। शौचालय पर दरवाजे लगाकर उन्हें साफ कराया गया है। एक्सरे रूम में एक्सरे फिल्म की कमी भी दूर करा दी गई है। यहीं नहीं चादरों का स्टॉक भी सीएचसी पर था, गंदी चादरों की जगह नई चादरें बिछवा दी गई हैं। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा सीएचसी की व्यवस्थाओं को बेहतर किए जाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
------------