न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अतरौली (अलीगढ़)।
क्षेत्र में चर्चा है कि गांव भवीगढ़ के खेतों में पेट्रोल, केरोसिन के तत्व होने के संकेत मिले हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ओएनजीसी की टीम ने बुधवार को गांव पहुंचकर किसान राजवीर के खेत में 200 मीटर एरिया की बैरिकेडिंग कराने के साथ खुदाई शुरू करा दी। गुरुवार को (आज) नई तकनीक की मशीनें आएंगी जो आगे की खुदाई करेंगी। खेत के नीचे तेल के भंडार होने की चर्चा से आसपास के गांवों में भी हलचल मच गई है। लोग इस जगह को देखने के लिए पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर प्रशासनिक अधिकारियों ने इससे अनभिज्ञता जताई है।
ग्रामीणों का कहना है कि खुद को कोलकाता से आई ओएनजीसी की टीम बताने वाले लोगों ने भवीगढ़ गांव में डेरा डाल दिया है। मजदूर भी कोलकाता से आए हैं। टीम के इंजीनियर शंकरलाल ने बताया कि सेटेलाइट के जरिए भवीगढ़ गांव निवासी राजवीर सिंह पुत्र पंचम सिंह के खेत में पेट्रोल अथवा केरोसिन होने के संकेत मिल रहे हैं।
राजवीर के खेत के चारों ओर 200 मीटर एरिया में बोरवेल जैसी खुदाई कराई जाएगी। बुधवार को 3 मीटर खुदाई हुई। इसके बाद बारिश शुरू होने से खुदाई बंद करा दी गई थी। भवीगढ़ निवासी जयेश शर्मा के अनुसार ओएनजीसी की टीम उनके गांव में खुदाई करा रही है। गांव में पेट्रोल अथवा केरोसिन मिलने की खबर से लोगों में खुशी है।
बुधवार को मैं मीटिंग में था। मुझे भवीगढ़ में ओएनजीसी की ओर से खुदाई कराने की जानकारी नहीं है। गुरुवार को गांव में मौका मुआयना करूंगा, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
-ललित कुमार, एसडीएम अतरौली।
बुधवार को गांव में कई गाड़ियों में लोग आए थे। वह खुद को ओएनजीसी से बता रहे थे। गाड़ी में भी ओएनजीसी का स्टीकर लगा था। हालांकि उनसे खुदाई के बाबत कोई कागज नहीं देखे जा सके। एसडीएम को अवगत करा दिया गया है। यह लोग अपने साथ दो जनरेटर भी लाए हैं। गांव में तंबू लगाकर 8-10 मजदूर रोक गए हैं। जिस जगह पर खुदाई हो रही है, उससे कुछ दूर एक नलकूप के पानी से केरोसिन की महक आती है, लेकिन यह पता नहीं था कि गांव में केरोसिन अथवा पेट्रोल निकल सकता है।
- विश्वदेव कश्यप, ग्राम प्रधान अनारो देवी के पुत्र।
गाड़ियों में कुछ लोग आए थे। वह लोग खुद को सरकारी आदमी बता रहे थे तो हम उनसे क्या पूछते? यदि हमारे खेत में केरोसिन का कुंआ निकलता है तो अच्छी बात है।
- राजवीर, खेत मालिक।