न्यूज डेस्क, अमर उजाला,अलीगढ़।
शासन के चीफ सेक्रेटरी राजीव कुमार ने बुधवार को जनपद में चल रहे ग्राम स्वराज्य अभियान का ब्यौरा तलब किया। उन्होंने अभियान के तहत केंद्र की सात और प्रदेश की नौ योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति निर्धारित प्रारूप पर मांगी।
कमिश्नर अजयदीप की मौजूदगी में एनआईसी में हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान मुख्य सचिव ने जिले में अभियान के तहत हुए कार्यक्रमों की फीडिंग न होने पर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि केंद्र एवं राज्य की सभी योजनाओं का बिंदुवार ब्यौरा साइट पर डाला जाए। यही नहीं बुधवार को जारी हुए निर्धारित प्रारूप पर संपूर्ण ब्यौरा भरकर तत्काल उन्हें भेजा जाए।
मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिवों ने विभागीय अफसरों विशेष रूप से प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी दिनेश चंद्र से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों की जानकारी ली।
इस मौके पर डीसी मनरेगा अमरेंद्र प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी नगेंद्र पाल सिंह, डीपीआरओ पारुल सिसौदिया समेत अन्य अफसर मौजूद थे।