न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जीटी रोड स्थित एक बेकरी पर छापा मारकर रस्क, पापे समेत आठ आइटमों के नमूने भरे। बेकरी में आइटमों को स्वादिष्ट बनाने के लिए प्रयोग किया जाने वाले ब्लूटेन पाउडर का भी नमूना भरा गया। इसके बाद दो डेयरियों से दूध का एक-एक नमूना लेते हुए गंदगी पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया।
होली से पूर्व खाद्य वस्तुओं की चेकिंग में जुटी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में गुरुवार को जीटी रोड भीकनपुर गांव स्थित इंग्लिश बेकर्स के यहां छापा मारा।
इस इकाई के पास लाइसेंस तो था, लेकिन यहां भीषण गंदगी पाई गई। इस पर बेकरी स्वामी को नोटिस जारी किया गया। इसके बाद पापे, रस्क, बन, रिफाइंड, मैदा और ब्लूटेन पाउडर समेत आठ नमूने भरे गए।
इसके बाद जीटी रोड स्थित राकेश शर्मा चिलिंग सेंटर का निरीक्षण किया गया। यहां पता चला कि यहां सात हजार लीटर दूध प्रतिदिन एकत्र होता है। यहां से दूध का नमूना भरा गया और गंदगी पर नोटिस थमा दिया गया।
इसके बाद प्रीत पाल चिलिंग सेंटर से दूध का नमूना भरा गया। यहां दस हजार लीटर प्रतिदिन दूध एकत्र होता है। गंदगी पर संचालक को नोटिस जारी कर दिया गया।
टीम में एफएसओ एसके श्रीवास्तव, प्रमोद, राजीव सिंह, मनोज आदि शामिल थे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने बताया कि बेकरी से लिए गए ब्लूटेन पाउडर में ब्रोमाइड की उपस्थिति की जांच कराई जाएगी। ब्रोमाइट स्वास्थ्य की दृष्टि से हानिकारक है।