एएमयू के पीवीसी के घर पर बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू के सह कुलपति प्रो. तबस्सुम शहाब के मेडिकल रोड स्थित आवास पर हमले के बाद वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रॉक्टोरियल टीम भी चौकन्ना हो गई है। कैंपस में गश्त बढ़ा दी गई है।
गुरुवार रात सह कुलपति के घर पर नकाबपोश उपद्रवी तत्वों ने हथियारों के साथ हमला कर दिया था। वहां तैनात गार्ड की पिटाई की थी। गमले, बरामदे की लाइट, कुर्सियां एवं मकान के शीशे आदि तोड़ दिये थे। हमले के दौरान सह कुलपति घर पर मौजूद थे।
हमले के बाद सह कुलपति के घर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। थाना सिविल लाइन में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। वर्तमान में कुलपति प्रो. तारिक मंसूर देश से बाहर हैं।
शुक्रवार रात अथवा शनिवार तक उनके आने की उम्मीद है। कुलपति के आने के बाद इस मामले में ठोस कार्रवाई की उम्मीद है। चर्चा है कि कैंपस के सीसीटीवी फुटेज में उपद्रवी तत्वों के कारनामे दर्ज हो गए हैं। पुलिस छानबीन के बाद इसमें शामिल तत्वों की पहचान होने की उम्मीद हैं।
इस घटना को लोग गेम्स कमेटी के सचिव पर हमले के आरोप में दो छात्रों के निलंबन से जोड़ कर देख रहे हैं, लेकिन अधिकारिक रूप से कोई कुछ कहने को तैयार नहीं है।