जेएन मेडिकल कॉलेज में दो नए कोर्स शुरू करने की तैयारी
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
सब कुछ ठीक रहा तो एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में जल्द ही पीजी के दो नए कोर्स शुरू होंगे। पीडियाट्रिक्स सर्जरी विभाग में एमसीएस एवं न्यूरो सर्जरी विभाग में एमसीएस कोर्स शुरू करने का प्रयास चल रहा है। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों ने मेडिकल कॉलेज का दौरा कर यहां के संसाधन एवं अन्य इंतजाम देखकर वापस लौटे हैं।
करीब दो महीने पहले जेएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा 2-2 लाख रुपये के साथ आवेदन फार्म एमसीआई के पास जमा किया गया था। जेएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन पीडियाट्रिक्स सर्जरी विभाग में एमसीएस तथा न्यूरो सर्जरी विभाग में एमसीएस कोर्स शुरू करने को इच्छुक है। जेएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा आवेदन किए जाने के बाद एमसीआई के प्रतिनिधि गत दिनों यहां पहुंचे थे। एमसीआई सदस्य दोनो विभागों में उपलब्ध संसाधन व अन्य सुविधाओं का अध्ययन कर यहां से गए हैं। वे अपनी रिपोर्ट एमसीआई की पीजी कमेटी के समक्ष रखेंगे। जेएन मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक प्रो. एम हैरिस खान ने बताया कि दोनो विभागों में एमसीआई के अलग-अलग सदस्य आए थे। वे अपनी रिपोर्ट एमसीआई को सौंपेंगे। उन्होंने बताया कि अगस्त में जेएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन द्वारा फार्म जमा किया गया था।
--