तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल व दस हजार लूटे
ब्यूरो, अमर उजाला, हरदुआगंज (अलीगढ़)।
थाना क्षेत्र के इब्राहीमाबाद में मौसेरे ससुर के यहां दावत खाने आए दो लोगों को हरदुआ गांव के बंबा पुल के पास तमंचाधारी आठ बदमाशों ने डंडा मारकर रोक लिया।
तमंचा दिखाते हुए दोनों से मारपीट कर दोनों के मोबाइल, करीब दस हजार रुपये की नकदी समेत बाइक लूट ली। वहीं उन्हीं के कपड़ों से उन्हें बांधकर गड्ढे में फेंककर भाग गए।
इब्राहीमाबाद गांव में अपने मौसेरे ससुर महावीर प्रसाद के नाती के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने आए खुर्जा के अरनियां थाना क्षेत्र के गांव नगला शेरपुर निवासी प्रेमपाल सिंह पुत्र जयसिंह तथा कमालपुर स्टेशन गांव के सुरजीत पुत्र भगवत सिंह रविवार रात दावत के दौरान ग्लास व दौने कम पड़ने पर हरदुआगंज कस्बे से अपने मौसेरे साले अशोक की बाइक लेकर वापस गांव लौट रहे थे।
जैसे ही दोनों लोग बैरामगढ़ी बंबा पटरी पर होते हुए हरदुआ गंाव पुल के पास पहुंचे, तभी सड़क पर खडे़ करीब आठ दस लोगों ने उन्हें घेर लिया और बाइक में डंडा मारकर उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर दोनों को तमंचे के बल पर लात घूंसों से पीटा तथा उन्हीं के कपडे़ उतारकर उन्हें बंधक बनाकर गड्ढे में फेंक दिया।
दोनों की जेबों में रखे करीब दस हजार रुपये, मोबाइल तथा बाइक को लूट कर भाग गए। वहीं खुद को बंधन मुक्त करते गुए लूट के शिकार दोनों पीड़ितों ने पैदल ही गांव पहुंचकर घटना की जानकारी देते हुए थाना पुलिस को अवगत कराया तथा लूट की तहरीर भी दी। लेकिन सोमवार शाम तक दोनों की रिपोर्ट नहीं लिखी गई।
प्रेमपाल व सुरजीत ने बताया कि दो लोग बाइक लेकर चले गए। जबकि अन्य पैदल ही खेतों में होकर निकल गए थे। बातचीत के दौरान बदमाश जुएं में हारे रुपये बसूलने की बातें भी कर रहे थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार नेे बताया कि तहरीर मिल गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।