जाम और पथराव पर 134 पर बलवे की एफआईआर
ब्यूरो, अमर उजाला, गंगीरी (अलीगढ़)।
दसवीं के छात्र सचिन की हादसे में मौत के बाद जाम और थाने पर पथराव के मामले में पुलिस ने नौ नामजद के साथ ही सवा सौ लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। इन पर बलवा और सरकारी कार्य में बाधा समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव पहुुंचने और अंतिम संस्कार के दौरान बवाल की आशंका के चलते प्रशासन सतर्क रहा। गंगीरी, अतरौली, दादों, अकराबाद, छर्रा आदि थानों की फोर्स मौजूद रही।
बताते चलें कि शुक्रवार को दसवीं कक्षा के छात्र सचिन और मनोज को गंगीरी चौराहे से एक किलोमीटर दूर छर्रा रोड पर तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी थी। सचिन की मौके पर मौत हो गई थी। उसके शव को आननफानन में पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए और घायल मनोज को मेडिकल कालेज भेज दिया था। टैंकर थाने ले गई थी।
इसके बाद सूचना पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण मौके पर शव और घायल को न पाकर भड़क उठे थे। गंगीरी चौराहे पर जाम लगा दिया था। थाने में रजिस्टर फेंकने के साथ पथराव किया था। पुलिस ने हवाई फायरिंग करते हुए लाठियां चटकाई थीं।
इस मामले में पुलिस ने गांव बिहारीपुर निवासी गजराज पुत्र लालाराम, सत्यप्रकाश पुत्र रूप सिंह, ओमवीर पुत्र नत्थू सिंह समेत जिला कासगंज के गांव नरहोली निवासी भूप सिंह पुत्र साहब सिंह, कर्ण सिंह पुत्र नाथूराम, गांव हुसैपुर निवासी राजेश पुत्र गंगावासी, गांव मखदूमनगर निवासी राजकुमार पुत्र चोखेलाल, गांव शादीपुर निवासी आकाश पुत्र सेठजी, गांव हसनपुर निवासी जावेद पुत्र मुशीर खां को जेल भेजा है। 125 अज्ञात पर भी रिपोर्ट दर्ज की है।
विधायक ने दिलाया भरोसा, अब नहीं पकड़ेगी पुलिस
परिवार की ओर से तहरीर न मिलने पर दरोगा अनिल कुमार की ओर से अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा जहां अंतिम संस्कार किया गया। छर्रा विधायक ठा. रवेंद्र पाल सिंह भी गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस ज्यादती की शिकायत की।
विधायक ने कहा कि जो लोग जेल चले गए हैं, उस पर कुछ नहीं कर सकते लेकिन अज्ञात में दर्ज मुकदमे में पुलिस अब किसी को नहीं पकड़ेगी। ब्लाक प्रमुख अकराबाद ठा. मुकेश कुमार सिंह, शालू राजपूत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. सीवी सिंह, होरीलाल राजपूत आदि ने भी सचिन के परिजनों को ढांढस बंधाया।
पुलिस पिटाई में घायल हुई मृतक की मां
सचिन की मौत पर जाम और पथराव के बाद पुलिस ने हंगामा करने वालों को हवाई फायरिंग एवं लाठियां चटकाकर खदेड़ने में कई ग्रामीण घायल हुए हैं। मृतक सचिन की मां शेष देवी पत्नी गुलाब सिंह, दादी तारावती देवी, नानी अनार देवी पत्नी प्रेमपाल, पुष्पा देवी पत्नी गजराज सिंह, लालाराम पुत्र गजाधर, सर्वेश देवी पत्नी चरन सिंह, सूरजमुखी देवी पत्नी पप्पू सिंह, लौंगश्री देवी पत्नी ठाकुरदास, रंजना देवी पत्नी देवेंद्र पुलिस के लाठीचार्ज में घायल हुई हैं। शनिवार को इन महिलाओं ने पुलिस के तांडव का दुखड़ा सुनाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने महिलाओं पर भी बेरहमी से लाठियां बरसाईं।
सचिन की मौत पर कालेज में दी गई श्रद्धांजलि
कस्बा स्थित सुशीला देवी इंटर कालेज के छात्र सचिन की मौत पर शनिवार को कालेज में छात्रों एवं शिक्षकों ने श्रद्धांजलि दी। प्रधानाचार्य डा. विष्णु कुमार कुशवाहा ने बताया कि सचिन सदैव अनुशासन में रहता था। उसकी मौत से सभी दु:खी हैं। दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर प्रबंधक राम स्वरूप वर्मा, संजीव कुशवाहा, एसलाल, सनाई मजहर, ध्रुवराज रावत, राजेश रावत, रविंद्र कुमार, प्रेम सिंह, बंटी, रमेश कुमार, आतिया, राजपाल, भारती, सुलेखा रावत आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की।