पुराने शहर में बिजली का संकट
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलग-अलग कारणों से मंगलवार को विभिन्न बिजली घरों पर फाल्ट होने से बारहद्वारी और गूलर रोड क्षेत्र में दोपहर बाद बिजली संकट रहा। इसके चलते पुराने शहर के इलाके में लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
इस समय उमस भरी गर्मी पड़ रही है। दोपहर के समय अगर बिजली न हो तो उमस भरे मौसम में समस्या और बढ़ जाती है। मंगलवार को बारहद्वारी सब स्टेशन पर 33 केवी की सप्लाई पर फाल्ट होने से आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते घुड़ियाबाग, उदय सिंह जैन रोड, बारहद्वारी, सराय हकीम, पत्थर बाजार, सराय लवरिया, अशोक नगर आदि में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अभी यहां पर फाल्ट रिपेयरिंग का काम चल ही रहा था कि शाम को करीब चार बजे शक्ति नगर फीडर पर 11 केवी की लाइन में ब्रेक डाउन हो गया। शक्ति नगर में ब्रेक डाउन होने पर अशोक नगर की आपूर्ति भी रोकी गई। इसके चलते मित्र नगर, रघुवीर पुरी, प्रतिभा कालोनी, राजेंद्र नगर, शिवपुरी आदि में बिजली की दिक्कत रही।
ऊपर कोट बिजली घर के जेई का तबादला
अलीगढ़। बारहद्वारी बिजली घर के अवर अभियंता पीडी शर्मा का स्थानांतरण कर दिया गया है। नगरीय विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता एसके चौधरी ने बताया कि अवर अभियंता प्रेमदत्त शर्मा को ऊपर कोट बिजली घर से विद्युत माध्यमिक कार्य खंड के लिए स्थानांतरित कर दिया गया है। ऊपर कोट पर अवर अभियंता भगवती प्रसाद को कार्यभार दिया गया है।
बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज
अलीगढ़। थाना देहली गेट इलाके में चेकिंग अभियान के दौरान पांच लोगों पर बिजली चोरी करने के आरोप में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी गई है। इसमें इंदिरा नगर की परी तालाब निवासी विरमा देवी, नीवरी के महाकुंडा नगर निवासी फक्कड़ बाबा, लेंटर वाली मसजिद के पास लाल खां, मुबीना बेगम और महफूज नगर निवासी मुन्ने खां शामिल हैं।