टूंडला यार्ड में कालिंदी एक्सप्रेस और मालगाड़ी की टक्कर से रविवार रात से सोमवार शाम तक रेल यातायात ठप रहा। रविवार देर रात 1:50 बजे ये हादसा होने के बाद अलीगढ़ में अप रूट से कोई भी ट्रेन नहीं आई। डाउन रूट पर कुछ ट्रेनों को अलीगढ़ तक भेजा गया, जो चंदौसी बरेली और चंदौसी मुरादाबाद होकर चलाई गईं। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, बांदीकुई बरेली एक्सप्रेस अलीगढ़ में कई घंटे तक खड़ी रहीं जिनको बाद में रूट डायवर्ट कर चलाया गया।
सोमवार शाम 4:50 बजे रेल यातायात सामान्य हुआ। इस दौरान 15 घंटे तक ट्रेनों का यातायात प्रभावित होने से लगभग 12 हजार मुसाफिरों का सफर प्रभावित हुआ है। डेढ़ सौ से अधिक जनरल और रिजर्वेशन टिकट कैंसिल कराए गए हैं। पूरे दिन पूछताछ से लेकर स्टेशन मास्टर कार्यालय तक मुसाफिर अपनी-अपनी ट्रेनों की जानकारी लेते रहे। रेलवे अधिकारी केवल एक ही जवाब देते रहे कि दिल्ली और कानपुर के लिए कोई ट्रेन नहीं है।
हजारों मुसाफिरों के जरूरी काम छूट गए और उन्हें मायूस लौटना पड़ा। स्टेशन मास्टर ने बताया कि शाम 4:50 ट्रेनों का यातायात सामान्य हो गया, इसके बाद अप और डाउन दोनों ओर ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। पहली ट्रेन आम्रपाली एक्सप्रेस और अवंती भुवनेश्वर राजधानी को निकाला गया।
स्टेशन से लौटे दूल्हा और बाराती
ट्रेनों के रद्द होने के कारण अलीगढ़ से पश्चिम बंगाल के चितरंजन जिले में जा रही बारात को लौटना पड़ गया। दूल्हे राज कुमार ने बताया कि शादी तय होने के बाद ही तीन महीने पहले कालका एक्सप्रेस से टिक ट बुक कराये थे। तकरीबन 30 लोगों के टिकट कराए गए, लेकिन बारात जाने के दिन अचानक ट्रेन रद्द कर दी गई।
अब सभी लोग परेशान हैं। 22 फरवरी को शादी है। कैसे चितरंजन पहुंचेंगे..? राजकुमार की शादी चितरंजन निवासी सुमन नाम की लड़की से तय हुई है। ये बारात मंजूरगढ़ी इलाके से पश्चिम बंगाल जा रही थी। राजकुमार के साथ सूरज सिंह, शिशुपाल सिंह, राकेश कुमार, मेघ सिंह, देवेंद्र, दिलीप सिहं, डीके और कुछ महिलाएं भी थीं। इन लोगों को इस बात पर भी गुस्सा आ रहा था कि रेल प्रशासन ने न तो इनको कोई सूचना दी न ही यात्रा का दूसरा विकल्प बताया। दोपहर तीन बजे के बाद ये बारात अलीगढ़ से बस से चितरंजन रवाना हुई।
कानपुर जाने वाली ट्रेनों का रूट बदला
13414 डाउन फरक्का एक्सप्रेस हाथरस से लौट कर अलीगढ़ आई और खुर्जा बरेली के रास्ते
12428 डाउन रीवा एक्सप्रेस मुरादाबाद के रास्ते
12418 डाउन प्रयागराज एक्सप्रेस मुरादाबाद के रास्ते
14152 डाउन कानपुर आनंद विहार स्पेशल मुरादाबाद के रास्ते
12562 डाउन स्वतंत्रता सेनानी अलीगढ़ से वापस बरेली के रास्ते
14056 डाउन ब्रह्मपुत्र मेल मुरादाबाद के रास्ते
12004 डाउन नई दिल्ली लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस मुरादाबाद से
12312 डाउन कालका एक्सप्रेस मुरादाबाद से होकर
12816 डाउन नंदन कानन एक्सप्रेस मुरादाबाद से
12488 डाउन सीमांचल एक्सप्रेस मुरादाबाद से
दिल्ली जाने वाली ट्रेनों का रूट बदला
15707 आम्रपाली एक्सप्रेस आगरा से
12397 महाबोधि एक्सप्रेस आगरा से
13413 फरक्का एक्सप्रेस आगरा से
14055 ब्रह्ममपुत्र मेल आगरा से
12381 पूर्वा एक्सप्रेस आगरा से
12427 रीवा एक्सप्रेस आगरा से
12553 वैशाली एक्सप्रेस आगरा से
12417 प्रयागराज एक्सप्रेस आगरा से
12225 कैफियात एक्सप्रेस आगरा से
14163 संगम एक्सप्रेस आगरा से
22405 भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस आगरा से