न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी चौ. बिजेंद्र सिंह ने प्रशासन पर अनुमति के बाद भी जमालपुर में जनसभा नहीं कर देने का आरोप लगाया है। इसी बात को लेकर सोमवार की रात उनकी एसडीएम कोल से कहासुनी भी हो गई। जिसके बाद वह चुनाव पर्यवेक्षक से शिकायत करने क्वार्सी स्थित सर्किट हाउस पहुंचे। यहां पर पर्यवेक्षक के नहीं मिलने पर जिलाधिकारी को फोन पर पूरी घटना से अवगत कराया। चौ. बिजेंद्र सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी ने उन्हें मामले में न्याय किए जाने का भरोसा दिलाया है।
सर्किट हाउस पहुंचे चौ. बिजेंद्र सिंह ने बताया कि जमालपुर में सोमवार की रात को उनकी जनसभा होनी थी। इसकी अनुमति उन्होंने पहले ही ले ली थी। तय कार्यक्रम के अनुसार चौ. बिजेंद्र सिंह सड़क के किनारे जनसभा करने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि एसडीएम कोल ने उन्हें जनसभा करने से रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में वाद विवाद भी हुआ, लेकिन जनसभा शुरू नहीं हुई। जबकि भीड़ मौके पर मौजूद रही। इसके बाद चौ. बिजेंद्र सिंह ने अपने समर्थकों के साथ क्वार्सी स्थित सर्किट हाउस का रुख किया और यहां पर पर्यवेक्षक से शिकायत करनी चाही, लेकिन बताया गया कि वह फील्ड में गए हुए हैं। इसके बाद चौ. बिजेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। जिनका भरोसा मिलने के बाद वह सभा स्थल की ओर रवाना हो गए।
अनुमति और सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी सभा रोकी जा रही है। अल्पसंख्यक इलाकों में पर्चियां भी नहीं बांटी गई हैं। ऐसे में हम निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया की उम्मीद कैसे कर सकते हैं। यह न्याय के खिलाफ है।
- चौ. बिजेंद्र सिंह, कांग्रेस प्रत्याशी, लोकसभा चुनाव