न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिलाधिकारी के आश्वासन एवं एक कमेटी गठित करने के बाद जिले के पेट्रोल पंप संचालकों ने गुरुवार से प्रस्तावित हड़ताल टाल दी है।
अलीगढ़ ऑटो पर बिना किसी पूर्व सूचना की ध्वस्तीकरण की कार्यवाही से पेट्रोल पंप संचालक आक्रोशित है। इसको लेकर बुधवार को होटल आभा रिजेंसी में अलीगढ़ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। प्रशासन की कार्यवाही से क्षुब्ध पंप संचालकों ने गुरुवार सुबह 6 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया।
इसकी सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। जिलाधिकारी ने तुरंत पंप संचालकों को शाम सात बजे बातचीत के लिए अपने पास बुलाया। एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय मंगल गुप्ता ने बताया कि जिलाधिकारी ने एक टीम गठित करने का आदेश दिया है, जिसमें एडीएम फाइनेंस, डीएसओ, एचपीसीएल के सेल्फ आफिसर शामिल हाेंगे।
उन्होंने पेट्रोल पंप स्वामी को कागज संलग्न कर प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वह किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं चाहते। एक सप्ताह में सभी के पक्ष सुनकर उचित निर्णय लिया जाएगा। श्री गुप्ता ने कहा कि जिलाधिकारी के स सकारात्मक सहयोग के कारण कल से प्रस्तावित हड़ताल स्थगित कर दी गई है।
दोपहर की बैठक में रहे मौजूद...
शैलेंद्र सचदेवा, नवनीत माहेश्वरी, अजय वर्मा, सुमित अग्रवाल, हितेश कुमार, सुमित अग्रवाल, रोहित माहेश्वरी, जय चावला, जितेंद्र राना, गोपाल रावत, विशाल सिंह, संजीव अग्रवाल, संजीव गुप्ता, टोनी चौधरी, प्रशांत अग्रवाल, कुशल पाल सिंह, मनोज गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, रवेंद्र पाल सिंह, विशाल राज, प्रबल प्रताप सिंह।