न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
भले ही परिवहन निगम का अभी गांधी पार्क बस स्टैंड की नवनिर्मित बिल्डिंग पर अधिग्रहण न हो, लेकिन निगम के अधिकारियों ने यहां व्यवस्थाएं करना शुरू कर दिया है।
यहां लगने वाले जाम से निपटने के लिए एआरएम बुद्ध विहार ने गाजियाबाद तथा मेरठ जाने वाली गाड़ियों को मसूदाबाद बस स्टैंड पर ही रोकने का प्रस्ताव क्षेत्रीय प्रबंधक के पास भेजा है। सोमवार से क्षेत्रीय प्रबंधक की मोहर लगने के बाद यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।
गाजियाबाद एवं मेरठ की ओर जाने और आने वाली करीब 25 बसों का ठहराव मसूदाबाद बस स्टैंड पर करने का प्रस्ताव एआरएम बुद्ध विहार योगेंद्र प्रताप सिंह ने क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल त्रिपाठी को भेजा है। प्रस्ताव में उन्होंने कहा है कि गांधी पार्क पर इन बसों के आने का कोई औचित्य नहीं है।
चूंकि यह गाड़ियां मसूदाबाद बस स्टैंड पर आती हैं तो इन्हें यहीं पर रोक दिया जाए। मसूदाबाद बस स्टैंड पर बसों के ठहराव के पीछे तर्क दिया है कि उक्त बसें गांधी पार्क बस अड्डे के अंदर नहीं आती हैं और सड़क से ही सवारियां उठा लेती हैं।
साथ ही गांधी पार्क बस अड्डे से इतनी सवारियां भी नहीं निकलती कि इन बसों का यहां आना जरूरी हो। इन बसों को मसूदाबाद बस स्टैंड पर ही रोकने से गांधी पार्क बस अड्डे के सामने लगने वाले जाम से कुछ हद तक निजात मिलेगी।
गांधी पार्क बस स्टैंड के मुख्यद्वार पर बंधी रस्सी
गांधी पार्क बस स्टैंड के यार्ड में भी व्यवस्थाएं की गई हैं। एआरएम के निर्देश पर बसों का ठहराव रोड के हिसाब से किया गया है। बस स्टैंड के मुख्यद्वार पर रस्सी बांधकर उसे बंद कर दिया गया है। ताकि कोई चालक व्यवस्था को बिगाड़ने में सफल न हो सके। इसके साथ ही पहले खड़ी बस में सवारियां भरने के बाद ही दूसरी बस के परिचालक द्वारा बस में सवारी बिठाने के निर्देश एआरएम बुद्ध विहार ने बस स्टैंड प्रभारी को दिए हैं।
गाजियाबाद, मेरठ से आने वाली बसें मसूदाबाद बस स्टैंड पर जाती हैं। यहीं से उन्हें वापिस करने का प्रस्ताव क्षेत्रीय प्रबंधक को भेजा है। उनकी सहमति मिलते ही व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
- योगेंद्र प्रताप सिंह, एआरएम बुद्ध विहार