पुराने परिसीमन पर नगर निगम चुनाव होना तय
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़।
नगर निगम के चुनावों के लिए महापौर पद (सामान्य) पर तस्वीर सामान्य होने के बाद अब वार्डों के आरक्षण पर निगाहें टिकी हैं। शासन से वार्डों के स्तर पर आरक्षण की सूची आ जाने के बाद चुनाव के लिए प्र्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
हालांकि अब इस बात की संभावना बहुत बढ़ गई है कि चुनाव नगर निगम की 70 सीटों पर ही होगा। सीमा विस्तार के बाद बढ़ीं 10 सीटों पर चुनाव बाद में कराए जाने की बातें कही जा रही हैं।
कुछ दिनों पहले नगर निगम की सीमा का विस्तार हुआ था। जिसके बाद नगर निगम की ओर से परिसीमन किया गया और शहर की सीमा में 22 गांव पूर्ण रूप से 3 गांव अपूर्ण रूप से नगर निगम की सीमा में शामिल हुए।
नगर निगम ने परिसीमन के बाद विवरण शासन को भेज दिया था। नगर निगम ने पुराने और नए दोनों ही परिसीमन से चुनाव की तैयारी कर रखी है, लेकिन अब संभावना व्यक्त की जा रही है कि पुराने परिसीमन के आधार पर 70 पार्षद वार्डों पर ही चुनाव होगा। इसके लिए अब शासन की ओर से आरक्षण की सूचना का इंतजार किया जा रहा है।