आज मिल सकती है अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की तारीख
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
लंबी जद्दोजेहद के बाद आखिरकार गुरुवार को डीएम ने जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू के खिलाफ उनके विरोधियों का अविश्वास प्रस्ताव स्वीकार कर ही लिया। कैंप कार्यालय पर सदस्यों से मुलाकात के बाद डीएम ने विरोधी गुट के 29 सदस्यों के शपथ पत्र स्वीकार कर लिए। तारीख के लिए शुक्रवार आज तक का समय मांगा है। हालांकि देर रात तक इस संबंध में जिलाधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई। मगर संपर्क नहीं हो सका।
कई बार मुलाकात का समय देने के बाद ऐन मौके पर व्यस्तता का हवाला देकर मुकर जाने के बाद आखिरकार डीएम ने जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू के विरोधी सदस्यों का अविश्वास प्रस्ताव स्वीकार कर ही लिया। प्रमुख सचिव के जाने के बाद डीएम ने अपने कैंप कार्यालय पर जिला पंचायत सदस्य सुधीर चौधरी, अजीत गौड़, तेजवीर सिंह गुड्डू, केके उपाध्याय, दिनेश कुमार, दीपक चौधरी, ज्ञानेंद्र सिंह आदि की मौजूदगी में गुट के 29 जिला पंचायत सदस्यों के शपथ पत्र ले लिए।
बताते चलें कि अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए व्यग्र अध्यक्ष विरोधी खेमे ने मंगलवार सायं भी डीएम से मुलाकात करने की कोशिश की थी। उस समय उनके समर्थक सभी 29 सदस्य कलक्ट्रेट के सामने वाली सड़क पर खड़ी बस में मौजूद थे। गर्ज यह थी कि यदि डीएम अनुमति दें तो इन सभी सदस्यों की परेड उनके समक्ष कराई जा सके। लेकिन डीएम ने प्रमुख सचिव का कार्यक्रम होने का हवाला देते हुए मुलाकात से इंकार कर दिया था।
जिला पंचायत सदस्य अजीत गौड़ ने डीएम के हस्ताक्षर युक्त रिसीविंग पत्र दिखाते हुए बताया कि गुरुवार सायं मुलाकात के बाद डीएम ने प्रस्ताव स्वीकार कर रिसीविंग भी दी है। प्रस्ताव की तारीख के लिए शुक्रवार तक का समय मांगा है। इधर, इस संबंध में डीएम से वार्ता की कोशिश की गई। मगर तमाम प्रयास के बाद भी संपर्क नहीं हुआ।