मोटरसाइकिल पर पहुंची महापौर, खुलवाई नाली
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महापौर शकुंतला भारती द्वारा योगेश सिंघल पार्षद के क्षेत्र में मोटर साइकिल से निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई स्थानों पर पुलिया चोक मिलीं। इस पर आक्रोश व्यक्त करते हुए सेनेटरी इंसपेक्टर व सेनेटरी सुपरवाइजर को स्थल पर बुलाकर समस्या का निस्तारण करने के लिए निर्देश दिए।
क्षेत्रीय जनता ने महापौर को अवगत कराया कि उनके क्षेत्र में बारिश के मौसम में नाले और नालियां अक्सर चोक हो जाते हैं। जिससे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। महापौर ने जल्द ही शिवपुरी, अशोक नगर, सराय लबरिया आदि इलाकों में चोक नाले और नालियों को साफ करवाकर खुलवाया। मेयर ने सभी को चेतावनी दी कि यदि किसी भी क्षेत्र में जलभराव होता है तो इसके लिए संबंधित सेनेटरी इंसपेक्टर व सेनेटरी सुपरवाइजर जिम्मेदार होंगे। साथ ही उनके विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्यवाही होगी। महापौर ने जनता से सहयोग की अपील की और कहा कि नाले नालियों में कूड़ा करकट और पॉलिथीन न डालें। इनके डालने से नाले नालियां चौक हो जाते हैं। बाद में इनकी वजह से जलभराव की स्थिति हो जाती है। कूड़ा सिर्फ कूड़े के स्थान पर ही डालें। ताकि उसको तत्काल उठाया जा सके और हम अपने शहर को हरा भरा व स्वच्छ रख सकें। निरीक्षण के समय पार्षद योगेश सिंघल मौजूद थे।
गोविंद नगर में टूटी नाव की मरम्मत गूलर रोड पर
अलीगढ़। गोविंद नगर में राहत और बचाव कार्य के दौरान टूटी नाव की गूलर रोड पोखर पर मरम्मत हो रही है। यह नाव जलकुंभी हटाने के काम में आएगी। गोविंद नगर में पिछले दिनों बारिश के बाद हुए जलभराव की स्थिति से लोगों के घरों में पानी भर गया था और उन्हें नाव डालकर वहां से निकाला गया था। इस दौरान नाव क्षतिग्रस्त हो गई। दूसरी ओर गूलर रोड पोखर के जल संचयन क्षमता को बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए वहां जेसीबी और लोडर लगाकर जलकुंभी को निकाला जा रहा हैा। दूसरे छोर से जलकुंभी को हटाने के लिए नाव डालकर जलकुंभी को किनारे लाया जाएगा और उसे जेसीबी से बाहर खींचा जाएगा।