एंबुलेंस खड़ी रही और मरीज ई-रिक्शा पर गया
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़। जिला अस्पताल में मानवीय संवेदना उस समय चीख उठी, जब बुरी तरह घायल एक विवाहिता को रेफर करने के बाद एंबुलेंस नहीं मिली।
उसे ई रिक्शा से ले जाया जाने लगा। जख्मी विवाहिता ई रिक्शा में न तो ठीक से बैठ सकी, और न ठीक से लेट सकी। इस पर उसके ताजा जख्मों से खून निकलने लगा तो वह दर्द से बुरी तरह चीख उठी।
जो महिलाएं उसे ले जा रही थीं, वह भी बुरी तरह जख्मी हालत में थीं। परिसर में ही एंबुलेंस खड़ी थी, लेकिन लखनऊ स्थित काल सेंटर से मैसेज न मिलने के कारण एंबुलेंस नहीं मिली।
बताते चलें कि कोतवाली क्षेत्र के भुजपुरा में एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जबर्दस्त मारपीट हुई। लाठी, डंडे, सरिया आदि से हुई मारपीट में तीन महिलाओं सहित कई लोग बुरी घायल हो गए। इसमें हुमा पत्नी शाकिर गंभीर रूप से घायल हैं। उनको मलखान सिंह जिला अस्पताल की इमरजेंसी लाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के चलते रेफर कर दिया गया। अब घायलों के सामने संकट था, कि वह एक गंभीर घायल को कैसे लेकर जाएं? हालांकि अस्पताल परिसर में एंबुलेंस थी, लेकिन उसने कहा कि उसे लखनऊ से मैसेज चाहिए। उधर हालत बिगड़ रही थी। इस पर एक ई रिक्शा में लादकर हुमा को ले जाया गया।