28 प्रतिशत जीएसटी से सहमत नहीं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़ के उत्पादों पर 28 प्रतिशत जीएसटी की दरों से केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल सहमत नहीं हैं। लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों को उन्होंने सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल से दिल्ली में मिले। पदाधिकारियों ने उनसे आग्रह किया कि अलीगढ़ के उत्पाद विलासिता की वस्तु नहीं है। अत: 28 प्रतिशत जीएसटी लगने से कारोबार तबाह हो जाएगा और बेरोजगारी की समस्या उत्पन्न होगी। चीन के उत्पादों से अलीगढ़ का उद्योग जूझ रहा है। यहां के उद्योगों में जो कच्चा माल (स्क्रैप) उपयोग किया जाता है, वह बड़ी-बड़ी औद्योगिक इकाईयों से निकलता है। अब तक कच्चे माल की खरीद पर चार प्रतिशत एवं तैयार माल पर पांच प्रतिशत कर देना पड़ता है। जीएसटी कर प्रणाली में 18 एवं 28 प्रतिशत प्रस्तावित है। इससे लघु एवं कुटीर उद्योग तबाह हो जाएंगे। लघु उद्योग भारती के महामंत्री गौरव मित्तल ने बताया कि केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री जीएसटी की दरों से सहमत नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री अरुण जेटली एवं वित्त राज्यमंत्री संतोष गंगवार के मंत्रालय में भी ज्ञापन रिसीव कराया है। प्रतिनिधि मंडल में प्रहलाद सिंह चौहान, राज कुमार अग्रवाल, नीरज अग्रवाल आदि शामिल थे।
--