कर्फ्यू के आखिरी दिन कोरोना वायरस काबू में नजर आ रहा है। सुखद तस्वीर यह है कि 6531 लोगों की जांच में सिर्फ 14 लोग संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना की दूसरी लहर के बाद एक दिन की यह सबसे कम संख्या है।
दूसरी लहर अब ढलान पर है। इसका एक प्रमुख कारण कोरोना कर्फ्यू भी है। कोरोना कर्फ्यू के पहले की तस्वीर शायद याद होगी। मौत की खबरों एवं एक-एक दिन में 500 से अधिक संक्रमित निकलने से हर तरफ भय का माहौल था। 6531 जांच में मात्र 14 संक्रमित मरीज निकलने पर कोरोना युद्ध लड़ रहे योद्धाओं का मन कुछ हल्का हुआ है। आज से सीमित पाबंदियों के साथ कोरोना कर्फ्यू हट रहा है। सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी का कहना है कि मास्क, दूरी एवं सफाई का ध्यान हमेशा रखना है। इसके साथ ही 18 वर्ष एवं उससे अधिक उम्र के लोग टीका अवश्य लगवा लें। कोरोना को हराने के लिए यह जरूरी है।
तीन की मौत
कोरोना से तीन लोगों की मौत हुई है। इसमें से दो की मौत पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय एवं एक की मौत फरीदाबाद स्थित एक अस्पताल में हुई है।