न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर ने शुक्रवार को दिल्ली में हुंकार रैली को संबोधित किया। अलीगढ़ से इस संगठन के सैकड़ों समर्थक भी रैली में शामिल हुए। भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर ने वहां आह्वान किया कि बसपा-सपा रालोद गठबंधन ने जिन 16 सीटों पर सवर्ण उम्मीदवार उतारे हैं, उनका वहां पर भीम आर्मी विरोध करेगी। बनारस संसदीय सीट पर पीएम मोदी के खिलाफ प्रचार में जुटेगी।
अलीगढ़ से रैली में शामिल हुए जिलाध्यक्ष राहुल गौतम, जिला संरक्षक कैलाश चंद्र ने बताया कि चुनाव के शुरू होने से पहले ही भीम आर्मी ने अपने समर्थकों के बीच स्पष्ट संदेश दे दिया है अब उस पर अमल करेंगे। अलीगढ़ मंडल में आरक्षित हाथरस सीट पर सपा से रामजी लाल सुमन और अलीगढ़ से जाट समुदाय यानी ओबीसी का प्रत्याशी अजित बालियान को उतारा गया है।
इसलिए इन दोनों सीटों पर भीम आर्मी गठबंधन के प्रत्याशी के साथ रहेगी। विरोध केवल वहां पर होगा जहां सवर्ण उम्मीदवारों को वरीयता दी गई है। दिल्ली जाने वालों में अमित कुमार, मुकेश कुमार, राज कुमार, रजत गौतम, दीपक गौतम, रवि गौतम, अभिषेक, धर्म सिंह, बनी सिंह, रुपेश गौतम, आदेश गौतम, आनंद राव सहित अन्य समर्थक शामिल हैं। रैली में मोदी हटाओ देश बचाओ का भी नारा दिया गया। डा. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के जयकारा भी लगा।