न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
पीएचडी दाखिला में धांधली का आरोप लगाते हुए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों ने बाब-ए-सैयद बंद कर दिया है। छात्र इंटरव्यू के पहले नंबर सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं।
चंद रोज पहले एएमयू प्रशासन द्वारा पीएचडी टेस्ट का रिजल्ट घोषित किया गया। अब छात्रों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जा रहा है। एएमयू छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मनमानी किया जा रहा है।
यहां के अधिकारी अपने हिसाब से नियम बना लेते हैं। किसी विभाग में एक सीट पर पांच तो किसी में सात को कैसे बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन इंटरव्यू के पहले नंबर सार्वजनिक कर दें तो हमलोग धरना से उठ जाएंगे। वह कॉपियों के पुनर्मूल्यांकन की भी मांग कर रहे हैं।
एएमयू प्रॉक्टर प्रो. एम मोहसिन खान ने बताया कि हमारे टीम के लोग छात्रों से मिलने गए थे। डीन एवं सीनियर शिक्षक साक्षात्कार के पहले अंक सार्वजनिक करने के पक्ष में नहीं है।
उल्लेखनीय है कि पीएचडी में दाखिला यूजीसी रेगूलेशन 2016 के अनुसार हो रहा है। इसमें 80 नंबर का टेस्ट और 20 नंबर का साक्षात्कार है। 50 प्रतिशत यानी 40 नंबर या उससे अधिक हासिल करने वाले छात्रों को ही साक्षात्कार के लिए बुलाए जाने का प्रावधान है।
यूजीसी नेट एवं जेआरएफ क्वालीफाई छात्रों को टेस्ट से मुक्त रखा गया है और सीधे साक्षात्कार में बुलाया जाता है। धरना में शामिल छात्रों के अंक 40 से कम है।