न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
देश की सुपर स्पीड ट्रेन वंदे भारत का शनिवार को दिल्ली से बनारस के बीच वाया अलीगढ़ ट्रायल रन हुआ। इस ट्रैक पर सुपर स्पीड ट्रेन का यह दूसरा ट्रायल रहा। इससे पहले 29 दिसंबर को इस ट्रेन का दिल्ली-प्रयागराज वाया अलीगढ़ ट्रायल रन हुआ था।
शनिवार सुबह छह बजे नई दिल्ली स्टेशन से बनारस की ओर चली वंदे एक्सप्रेस 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलकर 7:16 मिनट पर अलीगढ़ जंक्शन को पास करती हुई निकली।
ट्रेन को तीन नंबर प्लेटफार्म से गुजारा गया। वहीं, लौटते समय ट्रेन बनारस स्टेशन से तीन बजे चलकर रात 10:05 मिनट के करीब अलीगढ़ जंक्शन को पास करती हुई निकली। डाउन में इसे प्लेटफार्म नंबर चार से पास किया गया।
असमंजस में अटकी अधिकारियों-जनता की सांसे
वंदे एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर कोई निश्चित प्रारूप जारी न होनेे के कारण अलीगढ़ जंक्शन पर तैनात रेलवे अधिकारियों सहित शहर की जनता की सांसे असमंजस में अटकी हुई हैं। फिलहाल इसके ठहराव को लेकर कोई भी अधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।
इधर, शहर की जनता से लेकर जनप्रतिनिधि तक इस ट्रेन की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। सांसद सतीश गौतम की ओर से इस बात का एलान भी किया जा चुका है कि वह रेलवे को ट्रेन के ठहराव को लेकर प्रस्ताव जारी करने वाले हैं। फिलहाल तो अधिकारी से लेकर जनता और जनप्रतिनिधि इसके ठहराव को लेकर रेलवे बोर्ड के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।