क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष शिवेंद्र पाठक भी डेंगू की चपेट में आए हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल में भर्ती डेंगू मरीज अयूब की हालत भी शुक्रवार को गंभीर हो गई। उसके उपचार को लेकर सलमानी एकता मंच के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के डेंगू की चपेट में आने के बाद उनकी गली में फगिंग आदि करायी गई। मालवीय पुस्तकालय के पास मालवीय मार्केट में रहने वाला टिर्री चालक अयूब को कई दिन बुखार होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में उसे डेंगू पाया गया।
शुक्रवार को एक जांच और हुई जिसमें उसका प्लेटलेट घटकर मात्र 23 हजार रह गया। उसे देखने पहुंचे सलमानी नेता फरहान सलमानी ने बताया कि ड्यूटी पर मौजूद नर्स ने कहा है कि उसे जो दवा देने के लिए कही गई है वही वह दे रही है।
दूसरी ओर चलाए जा रहे मलेरिया, डेंगू रोधी अभियान के अंतर्गत सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल के निर्देश पर नगरीय मलेरिया विभाग की टीम द्वारा जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में में कई स्थानों पर फागिंग की।
टीम ने कावेरी एनक्लेव, अंबेडकर नगर कॉलोनी, सुरेन्द्र नगर, कुलदीप बिहार में फागिंग कराई गई तथा कैंप लगाकर लोगों की डेंगू मलेरिया की जांच भी की गई। टीम ने 378 घर, 288 कूलर, 128 अन्य पात्रों को देखा।