क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह तड़के गोवंश की तस्करी करने वालों ने कटरा बरौली मार्ग पर एक सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ गभाना की गाड़ी पर गाड़ी चढ़ा कर हमला कर दिया। किसी तरह एएसपी ने अपना बचाव किया। मौके का फायदा उठाकर गो तस्कर भाग गए। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
गुरुवार की सुबह तड़के करीब तीन बजे एएसपी नीरज जादौन क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। कटरा बरौली मार्ग पर हुड़सैना के पास उन्हें एक टाटा 407 में आवारा गोवंश को लादते हुए कुछ बदमाश दिखाई दिए। जब उन्होंने बदमाशों को ललकारा तो वह फायरिंग करते हुए गाड़ी में बैठ गए और गाड़ी भगाने लगे।
एएसपी ने अपनी कार से बदमाशों का पीछा करना शुरू दिया। जब वह बदमाशों की गाड़ी के पीछे बेहद करीब आ गए तो बदमाशों ने गाड़ी की स्पीड अचानक धीमी कर पीछे की तरफ भगाना शुरू कर दिए।
तस्करों की गाड़ी से बचने के लिए एएसपी ने भी अपनी कार को पीछे की तरफ तेजी से हटाते हुए अपना बचाव किया। इतना मौका मिलने के बाद बदमाश गाड़ी लेकर भाग गए। इसके बाद एएसपी और गभाना पुलिस ने पहासू तक गाड़ी का पीछा किया लेकिन वह हाथ नहीं आई।
माना जा रहा है कि बदमाश गोवंश को लादकर मेरठ में किसी कट्टीघर को सप्लाई देने गए हैं। इससे पहले भी एएसपी नीरज जादौन पर गोवंश तस्करों ने हमला किया है। इस विषय में एएसपी नीरज जादौन ने बताया कि बदमाशों की सुरागरशी की जा रही है।