न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जीवन में यदि चुनौती न हो तो उसे जीने में मजा नहीं आता। जिंदगी को कुछ इसी अंदाज में जीने और माउंटेन बाइकिंग स्पोर्ट्स को लोकप्रिय करने के लिए 29 जून को महानगर के प्रमुख उद्योगपति योगेश शर्मा बाइक राइडिंग के लिए निकलेंगे।
रामघाट रोड स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता दौरान उन्होंने बताया कि वह अलीगढ़ से दिल्ली, ऊधमपुर, श्रीनगर, कारगिल, लेह लद्दाख, नुब्रा वैली, डिस्किट-हंडर-लुकुंज-स्पानविक, लेह, चुमाथांग-हनल, कारजोक, चुमाथांग लेह, पंग-सारचु, केलांग-रोहतांग-मनाली, दिल्ली से अलीगढ़ आएंगे।
इसके लिए उन्होंने अपनी बाइक को विशेष तौर पर तैयार किया है। बाइक में गर्मी, सर्दी एवं बारिश से बचने के लिए कपड़े, टूल बाक्स, दवा, पेट्रोल, टेंट आदि रखने का विशेष स्थान बनाया गया है। उन्होंने कहा कि 50 वर्ष की उम्र में आते-आते लोगों की जिंदगी से उत्साह खत्म हो जाता है। ऐसे लोगों के लिए बाइक राइडिंग रोमांच का सबसे बेहतर उपाय है।
उनका बाथरूम फिटिंग मैन्युफैक्चरिंग का कारोबार है। यात्रा से लौटने के बाद वह महानगर में राइडिंग स्पोर्ट्स क्लब खोलने की योजना भी बना रहे हैं। ताकि यहां के युवाओं को बाइक राइडिंग का असली मजा दिया जा सके।
प्रेसवार्ता विष्णु कुमार बंटी, ज्ञानेंद्र मिश्रा, एसके गौड़, डॉ. डीके वर्मा, पपेंद्र आर्य, अनुपम जैन, शिखर शर्मा, इं. ललिता आदि मौजूद थी।