न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर में 20 पार्किंग स्थल डवलप न करने तथा जाम का कारण बनने वाले ई रिक्शा के रूट, रंग एवं नंबर न देने से नाराज डीएम ने नगर निगम के चीफ इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाई है। उन्हें जल्द से जल्द पार्किंग स्थलों को डवलप कराने एवं ई रिक्शा के रूट वार कलर और नंबर निर्धारित करने के निर्देश दिये हैं। यही नहीं एटा चुंगी समेत अन्य स्थानों पर ट्रैफिक लाइट लगाने का काम पूरा न करने पर एडीए अफसरों को दस दिन का अल्टीमेटम दिया है।
महानगर में जाम एवं ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के संबंध में हुई बैठक को संबोधित करते हुए डीएम चंद्रभूषण सिंह ने स्पष्ट कहा कि जब पार्किंग स्थल एवं ई रिक्शा के रूट के हिसाब से रंग निर्धारित करने एवं नबर देने के बारे में पूर्व बैठक में तय हो चुका था तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
उन्होंने एडीए अफसरों को दस दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि एटा चुंगी समेत अन्य चौराहों पर सेंटर पोस्ट लगाकर ट्रैफिक लाइट लगाने का काम जल्द से जल्द पूरा करा दिया जाए।
उन्होंने कवरकुत्ता चौराहा, मीनाक्षी पुल, रसलगंज, सूत मिल चौराहे से नादा पुल, खेरेश्वर, सूत मिल चौराहे से सारसौल समेत अन्य क्षेत्रों पूर्व में चिन्हित छह स्थानों पर डिवाइडर, स्पीड ब्रेकर निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण का काम होना है, उसे जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिये।
दोदपुर में बिजली के पोल हटाकर यहां सड़क के चौड़ीकरण एवं सीसी कैमरे लगाए जाने के आदेश भी दिये। इस मौके पर एडीएम सिटी एसबी सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद थे।
एडीएम ने किया पार्किंग स्थलों का दौरा
मीटिंग के तुरंत बाद एडीएम सिटी एसबी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सचिन कुमार, एसपी ट्रैफिक, नगर निगम के चीफ इंजीनियर एवं अन्य अफसरों ने पूर्व में नियत पार्किंग स्थलों का दौरा किया। इस दौरान कठपुला पर नाली को कवर करते हुए सड़क के चौड़ीकरण, मालवीय पुस्तकालय के सामने बनने वाली पार्किंग, गांधी पार्क स्थित पार्किंग स्थल, सासनी गेट पुलिस चौकी के सामने खाली पड़े स्थान पर पार्किंग स्थल समेत दस पार्किंग स्थलों का दौरा कर समीक्षा की।