घर के अंदर रखे बंद बक्से में मिला वृद्ध महिला का शव
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विजयगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बिस्तौली में एक वृद्ध महिला का शव उसी के घर में रखे बंद बक्से में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा है। घर में मिले शव के कारण पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन में लगी हुई है।
बता दें कि गांव बिस्तौली निवासी चंद्रमोहन जैन की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। चंद्रमोहन के दो लड़के सुरजीत व मुकेश नोएडा में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। चंद्रमोहन की 60 वर्षीय पत्नी पुष्पादेवी गांव में बने मकान में अकेली रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार की रात चंद्रमोहन का छोटा लड़का सुरजीत नोएडा से घर आया, लेकिन घर में मां नहीं दिखाई दी। उसने सोचा कि मां किसी पड़ोसी के यहां चली गई होगी।
यह सोचकर वह रात को सो गया। रविवार की सुबह उसने घर में रखे बक्से से कुछ कपड़ा निकालने के लिए बक्सा खोला। जिसे खोलते ही उसके होश उड़ गए। घर में मची चीख पुकार की आवाज सुनकर आस पड़ोस के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए।
वहां देखा कि वृद्ध महिला का कई दिन पुराना शव बक्से में पड़ा हुआ था। इसी दौरान ग्रामीणों ने मामले की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के सड़े गले शव को बक्से से बाहर निकलवाकर का कब्जे में लिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिये मोर्चरी भेजा है। मृतक महिला के बेटे सुरजीत ने अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में हत्या की तहरीर दी है। इस घटना के संबंध में थाने के दरोगा ओपी सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। पुलिस मामले की जांच कर पूरी कार्यवाही करेगी।