लुटेरों की धरपकड़ जारी, चार झपटमार दबोचे
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर में झपट्टा मारकर मोबाइल व चेन लूटने वाले गिरोह के चार सदस्यों को क्वार्सी पुलिस ने पकड़ लिया है। इनके कब्जे से 20 मोबाइल, एक चेन और आठ हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
एसएसपी राजेश पांडेय ने प्रेसवार्ता में बताया कि सोमवार को थाना निरीक्षक मय फोर्स के गश्त कर रहे थे। तभी उन्हें कुछ युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस ने टोका तो भागने लगे। पुलिस टीम ने दौड़कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी में इनके पास से चोरी के 20 मोबाइल, एक चेन और 8500 रुपये बरामद किए। थाने में पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मौ. आमिर मलिक पुत्र जैनुद्दीन मलिक निवासी नगला पटवारी गली नंबर 20 थाना क्वार्सी, तुर्रम पुत्र असलम निवासी गली नंबर एक जीवनगढ़ थाना क्वार्सी, साहिल उर्फ बबलू पुत्र इमामुद्दीन निवासी गली नंबर एक बारह बीघा जीवनगढ़ थाना क्वार्सी, दानिश पुत्र सलीम निवासी मजार वाली गली नंबर एक जीवनगढ़ थाना क्वार्सी बताया। अभियुक्तों ने महानगर के विभिन्न स्थानों पर लूट की वारदातों के साथ क्वार्सी थाना क्षेत्र की तीन वारदातों को भी स्वीकारा है।
गोंडा में हत्या से पहले दबोचा 25 हजार का इनामी
जवां थाना पुलिस ने हत्या में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी वांछित को रियाज कालोनी में मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। उसके कब्जे के एक तमंचा, तीन कारतूस व हत्या में प्रयुक्त फरसा बरामद हुआ है। पुलिस ने यह कार्रवाई उस समय की, जब आरोपी गोंडा में किसी हत्या के इरादे से घूम रहा था।
एसएसपी राजेश पांडेय ने प्रेसवार्ता में बताया कि जवां थानाध्यक्ष अमित कुमार को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार का इनामी हत्यारोपी पदम सिंह पुत्र सरदार सिंह निवासी धनुआ की नगरिया थाना इगलास रियाज कालोनी के पास घूम रहा है।
थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख हत्यारोपी ने ऊपर फायर करना शुरू कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी को पकड़ लिया। इसके कब्जे से एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस व फरसा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार पदम सिंह हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। अब वह गोंडा इलाके में किसी हत्या के इरादे से घूम रहा था। जिस व्यक्ति की हत्या होनी थी, वह मांट मथुरा का है और एडवांस 50 हजार रुपया भी ले लिया था। हत्या करने के बाद उसकी गाड़ी गायब करने की प्लानिंग थी और जिसकी हत्या होनी थी, उसकी पत्नी के प्रेमी ने यह सुपारी दी थी।
एएमयू की छात्रा से बाइक सवारों ने लूटा पर्स
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित लाल डिग्गी रोड पर अब्दुल्ला कालेज के पास रिक्शा सवार एमएयू की छात्रा से बाइक सवार बदमाश पर्स लूटकर ले गए। अमीर निशा निवासी राजिया महर एएमयू कालेज की छात्रा है। रविवार रात वह एएमयू कालेज के हॉस्टल से रिक्शे में सवार होकर घर के लिए चली।
लाल डिग्गी रोड स्थित अब्दुल्ला कालेज के पास पीछे से आए बाइक सवारों ने झपट्टा मारकर उसका पर्स लूट लिया। छात्रा का शोर सुनकर कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके। सूचना पर पहुंची पुलिस छात्रा को अपने साथ थाने ले गई। यहां तहरीर ली गई। राजिया का कहना था कि पर्स में मोबाइल, दो हजार रुपये और जरूरी कागजात थे।