सेल्समैन से लूट का आरोपी गिरफ्तार
ब्यूरो,अमर उजाला, गोंडा।
लूट के फरार आरोपी सुनील पुत्र सत्यवीर को पुलिस ने उस समय दबोच लिया जब कहीं जाने की फिराक में वह गोरई रोड स्थित सढा गांव के मोड़ पर खड़ा था।
थाना प्रभारी शम्भू तिवारी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने हल्का बल प्रयोग कर लूट के आरोपी सुनील को पकड़ा है। उसके पास एक तमंचा, दो कारतूस, पच्चीस हजार रुपये व सेल्समैन ऋषि सिंघल से लूटे गए दो नए मोबाइल बरामद हुए हैं।
थाने लाकर सघन पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि पांच हजार रुपये सिकंदराराऊ लूट के व बीस हजार रुपये गोंडा के गुर्ज नगरिया के पास सेल्समैन ऋषि सिंघल से लूट के हैं।
पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। गत 20 सितम्बर को गोरई से उगाही कर लौटते समय मोबाइल सेल्समैन ऋषि सिंघल से नये मोबाइल व 1,72,000 लुटेरे तमंचे की बट मार घायल कर लूट ले गए थे। इसके अलावा आरोपी सुनील ने 29 सितम्बर को सिकंदराराऊ में भी लूट की थी।