फेल-पास को लेकर अलीगढ़ व एटा सांसद में चले व्यंग्य बाण
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़ ।
डीएस कॉलेज के सभागार में राज्यपाल राम नाईक की मौजूदगी में अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम और एटा सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ के बीच फेल और पास को लेकर खूब व्यंग्य बाण चले। हालांकि, इनकी बातों पर खूब ठहाके भी लगे। मगर, इसके मायने ‘अलग’ ही निकाले जा रहे हैं।
हुआ यूं संचालन कर रहीं डॉ. नीलम श्रीवास्तव ने एटा सांसद राजवीर सिंह को बोलने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने सधे अंदाज में अपनी बात शुरू की। पिता कल्याण सिंह (राजस्थान के राज्यपाल) के यहां के विद्यार्थी होने पर वे अभिभूत हो गए।
उन्होंने कहा कि डीएस कॉलेज नकल विहीन परीक्षा के लिए मशहूर है। अनुशासन के मामले में तारीफ करते-करते उन्होंने कह दिया कि अगर सतीश जी (अलीगढ़ सांसद) यहां पढ़े होते तो फेल हो जाते। खैर, अपनी बात पूरी करके अपनी कुर्सी पर बैठ गए। इसके बाद सांसद सतीश गौतम को माइक पर आमंत्रित किया गया। उन्होंने भी अपनी बात सीधी शुरू की।
कुलपति और कॉलेज प्रशासन की तारीफ भी। मगर, थोड़ी देर बाद उन्होंने अपना गियर बदल लिया। कहा, मैंने उस समय हाईस्कूल पास किया है, जब बाबू जी (कल्याण सिंह) मुख्यमंत्री थे, उनके मुख्यमंत्रित्व काल में परीक्षा परिणाम काफी कम आते थे और ज्यादातर बच्चे फेल हो जाते थे।
मगर, मैंने 68 फीसदी अंक से हाईस्कूल परीक्षा पास की। फेल और पास की बात करने के दौरान सांसद की आवाज बदली-बदली सी नजर आ रही थी, या यू कहें आवाज हाई पिच थी।