मेरी हत्या करा सकते हैं सांसद व बिल्डर
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
बसपा की पूर्व नेता संगीता चौधरी ने सांसद सतीश गौतम व एक बिल्डर राजेश अग्रवाल पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि सांसद सतीश गौतम और ग्लोबल सिटी के पार्टनर राजेश अग्रवाल उसकी हत्या कराने की साजिश रच रहे हैं।
पत्र में संगीता चौधरी ने कहा है कि उसके पति धर्मेंद्र चौधरी अलीगढ़ में ग्लोबल रेजेडेंसी सिटी का निर्माण राजेश अग्रवाल के साथ पार्टनरशिप में कर रहे थे कि इसी दौरान कुछ नामचीन लोग उनसे रंजिश मानने लगे।
10 जनवरी 2015 को भाड़े के शूटरों द्वारा धर्मेंद्र चौधरी की हत्या कर दी गई। संगीता चौधरी ने कहा है कि उसके पति की हत्या के बाद राजेश अग्रवाल ग्लोबल सिटी से उसे अलग करना चाहते हैं और छल-कपट से उसके अधिकारों से वंचित कर रहे हैं।
वह अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम से राजनीतिक दबाव बनवा कर प्रॉपर्टी की बेईमानी करना चाहते हैं। उन्होंने शिकायत में कहा है कि 8 जून को सांसद ने अपने आवास पर उन्हें बुलाया और धमकी देकर ग्लोबल सिटी से दूर चले जाने की बात कही।
यही नहीं उसके बाद सांसद ने उनकी सुरक्षा भी हटवा दी। अब सांसद सतीश गौतम व राजेश अग्रवाल उसके पति की तरह उसकी भी हत्या की साजिश रच रहे हैं।
जिससे कि ग्लोबल सिटी को आसानी से हड़प लिया जाए। यह 450 करोड़ की लागत का प्रोजेक्ट है। संगीता चौधरी ने डीजीपी से उसे व उसके परिवार को जान माल की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दिलाए जाने की मांग की है।