न्यूज डेस्क, अमर उजाला ब्यूरो
नगर निगम में फर्जी दस्तावेज लगाकर सोलर लाइट और हाई मास्ट लाइट आदि का ठेका लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। जिसके बाद इस मामले की शिकायत नगर आयुक्त से करते हुए संबंधित फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की गई है।
राहुल शर्मा की ओर से नगर आयुक्त को की गई शिकायत में कहा गया है कि 13 नवंबर को नगर निगम में सोलर लाइट और हाई मास्ट लाइट आदि की निविदा मांगी गई थी। इसमें एक फर्म ने फर्जी दस्तावेज लगाकर निविदा हासिल की।
जबकि वह फर्म पहले से ही नगर निगम में लाइट का काम करती है। आरोप लगाया गया है कि फर्म संचालक ने नगर निगम को गुमराह किया है। संबंधित फर्म के खिलाफ कार्यवाही करते हुए उसे ब्लैक लिस्ट करने की मांग की गई है।
पत्र की प्रतिलिपि नगर विकास मंत्री, जिलाधिकारी और महापौैर को भी भेजी गई है।
‘इस मामले में टेक्नीकल बिड अभी खोलनी बाकी है। इस मामले में शिकायत आई है। अगर कुछ गलत पाया गया तो पूरी प्रक्रिया को ही निरस्त किया जाएगा। बुधवार को मैं कार्यालय पहुंचने के बाद में मामले को देखूंगा’
- अतर सिंह, सहायक अभियंता, निर्माण, नगर निगम