डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
जिले में निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता पर सांसद सतीश गौतम ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने बनते ही उखड़ रही अलीगढ़ टप्पल मार्ग वाया बाजौता नहर की पटरी तक समेत तीन सड़कों की फेहरिस्त डीएम को सौंपते हुए इनकी गुणवत्ता की जांच एएमयू, श्रीराम लैब नई दिल्ली अथवा रुड़की लैब से कराने को कहा है। डीएम ने इस मामले में तीन अफसरों की टास्क फोर्स का गठन करते हुए एसडीएम खैर को टास्क फोर्स अधिकारी नामित किया है। उन्हें जांच के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।
सांसद सतीश गौतम ने अलीगढ़ टप्पल मार्ग से वाया बाजौता नहर की पटरी तक, जैदपुरा से मालव तक आवसीय क्षेत्र में सीसी निर्माण और टप्पल से वाया बैना होते हुए जेवर तक आवासीय क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण आदि सड़कों की गुणवत्ता खराब बतायी थी। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा कराये जा रहे इन सड़कों के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। इससे एक तरफ सड़क बन रही है और दूसरी तरफ उखड़ती जा रही है। उन्होंने तीनों सड़कों का विवरण मय कार्यदायी संस्था के डीएम को सौंपा था। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने स्वीकार किया कि इन तीनों सड़कों की गुणवत्ता के जांच के लिए टास्क फोर्स गठित कर दी गई है।
छर्रा विधायक ने भी नानऊ पिलखना मार्ग की गुणवत्ता की शिकायत की
अलीगढ़। सांसद ही नहीं छर्रा विधायक ठा.रवेंद्र पाल सिंह ने भी नानऊ से पिलखना तक विश्व बैंक के सौजन्य से बन रही सड़क की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत डीएम से की। उन्होंने बताया कि इस सड़क का लेबल खेतों के समतल रखा जा रहा है। बरसात के समय पानी में डूबकर इसका टूटना तय है। उन्होेंने डीएम से निर्माण की जांच को कहा है। डीएम ने कार्यदायी संस्था को जांच के आदेश दिये हैं।