न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
कमिश्नर द्वारा महानगर में तीन स्थानों पर बनाए जा रहे प्राइवेट बस अड्डों को माडल बस अड्डे के रूप में बनाने के आदेशों के चलते इन बस अड्डों के निर्माण में देरी तय नजर आ रही है। हालांकि यात्रियों की सुविधा के लिए कमिश्नरी के सामने गांव धौर्रा माफी पर बन रहे बस अड्डे के निर्माण से पूर्व ही सड़क किनारे बसें खड़ी कर इनका संचालन हो रहा है। अन्य स्थानों पर भी कमोबेश ऐसी ही व्यवस्था करने की तैयारी चल रही है।
कमिश्नर अजय दीप सिंह ने महानगर में धौर्रा माफी, वाजिदपुर नादा एवं धनीपुर के पास बन रहे तीनों नए प्राइवेट बस अड्डों को माडल के रूप में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बनाने के आदेश दिये हैं।
इसके तहत इन बस अड्डों पर एलईडी टीवी, एक किलोमीटर के दायरे में एलईडी लाइट, आरओ वाटर, यात्री शेड, पर्याप्त कुर्सियाें एवं कैंटीन आदि की व्यवस्था होनी है तो डिस्प्ले बोर्ड पर बसों का रूट, आने जाने का समय आदि भी उल्लेख करने को कहा है। इन आदेशों के चलते इन सभी बस अड्डों के निर्माण में देरी तय हो गई है।
यात्रियों की सुविधा के लिए बस आपरेटरों को इन बस अड्डों के सामने सड़क किनारे बसें खड़ी कर चलाने की अनुमति दे दी गई है। कमिश्नरी के सामने से अतरौली रूट की बसों का संचालन इसी तरह हो रहा है। अन्य बस अड्डों के पास से भी कमोबेश इसी तर्ज पर बसें चलाए जाने की तैयारी है।
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने स्वीकार किया कि माडल बस अड्डे के रूप में निर्माण के कारण नए बस अड्डे थोड़ा देर से बन पाएंगे। संबंधित विभागों को जल्द से जल्द अपनी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए बस अड्डे तैयार करने के निर्देश दिये गए हैं।