न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
कुछ दिनों की राहत के बाद शुक्रवार को सुबह से ही जबरदस्त उमस भरी गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो गया। उमस के चलते इससे संबंधित परेशानियों के मरीजों की संख्या भी जिला अस्पताल में अधिक रही। दीन दयाल अस्पताल में भी उमस से परेशान और फूड प्वाइजनिंग की शिकायतों के मरीजों की संख्या अधिक रही। उमस को लेकर डाक्टरों ने सावधानी बरतने की अपील की है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्श दाता डॉ. यशपाल रावल कहते हैं कि उमस भरी गर्मी में बच्चों की सेहत का खास ध्यान रखना जरूरी है। दोपहर के समय जब बच्चे गर्मी में बाहर से बेहाल होकर घर आएं तो तो आते ही फ्रिज के ठंडे पानी से परहेज रखें।
थोड़ी देर बाद पानी मिक्स करके दें। नींबू पानी की शिकंजी व गुलकंद का सेवन करवाएं। फलों व हरी सब्जियों का सेवन ज्यादा से ज्यादा करवाएं। बच्चों के खाने के साथ सलाद जरूर दें, यह गर्मी में काफी कारगर है।
डॉ. रावल कहते हैं कि गर्मी के मौसम में तपिश ही नहीं, बल्कि तमाम चीजों से होने वाली एलर्जी भी बहुत परेशान करती है। इसमें आंखों में पानी आना, जलन होना, जुकाम होना परेशान कर सकती है। गर्मियों में नाक व गले में ज्यादा एलर्जी होती है। इससे बचने के लिए सीजनल फल सबसे बेहतर हैं। टमाटर और खीरा सलाद में रखें तो बहुत बेहतर है।