क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
व्यापारियों के आग्रह पर गुरुवार से चलने वाला पॉलिथीन की चेकिंग का अभियान 15 जुलाई तक के लिए टाल दिया गया है। अब 15 जुलाई से दो दिन तक अभियान चलाकर पॉलिथीन जब्तीकरण एवं जुर्माने की कार्रवाई होगी। न मानने पर संबंधित व्यापारी एवं आम लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी।
यह निर्देश डीएम ने गुरुवार को पॉलिथीन पर प्रतिबंध को लेकर व्यापार संगठन के पदाधिकारी, पॉलिथीन एक्सपोर्टर, उद्यमियों के साथ बैठक कर जारी किये। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई से जनपद में पूरी तरह से पॉलिथीन से मुक्त किया जाना है।
इसमें प्लास्टिक पैकेजिंग मेटीरियल, प्लास्टिक कप, प्लेट्स, थर्माकोल व अन्य प्लास्टिक से बनी सामग्रियां शामिल है। ऐसे सभी उत्पादों को 15 जुलाई से प्रतिबंधित करते हुए पेपर पैकेजिंग मेटीरियल, सेल्यूलास बैग, क्लॉथ बैग के उत्पादन को बढ़ाए जाना है।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा प्राप्त निर्देशानुसार 15 जुलाई से 50 माइक्रोन से नीचे वाले पॉलिथीन व प्लास्टिक मेटीरियल को पूर्ण तरह से प्रतिबंधित किया जाना है।
50 माइक्रोन से अधिक मात्रा वाले प्लास्टिक पैकेजिंग मेटीरियल पर उत्पादक का नाम व पॉलिथीन से संबंधित विवरण छपी हुई पॉलिथीन ही मान्य होंगी। पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाने हेतु जनपद में विभिन्न स्थानों पर गोष्ठियां जागरूकता अभियान आदि के माध्यम से प्रचार प्रसार किया जाएगा।
शहर विधायक संजीव राजा ने पॉलीथिन प्रतिबंध अभियान में पूर्ण रुप से सहयोग करते हुए 15 जुलाई से पालीथिन मुक्त जनपद बनाए जाने की बात कही। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन आरएन शर्मा, एडीएम सिटी एसबी सिंह, एडीएम वित्त उदय सिंह समेत अन्य अफसर मौजूद थे।