क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के गांधीपार्क इलाके में छर्रा अड्डा पुल के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय सहारनपुर में तैनात सीवीओ (मुख्य पशु चिकित्साधिकारी) के बड़े भाई सेवानिवृत्त प्रोफेसर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
वाकये के समय वह अपने बड़े भाई सेवानिवृत्त जेलर से मिलने गांधीपार्क की बैंक कॉलोनी जा रहे थे। इस सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार के सुपुर्द कर दिया है।
मूल रूप से मडराक के गांव पाली रजापुर निवासी 75 वर्षीय योगेंद्र पाल सिंह कानपुर से प्रोफेसर के पद से सेवानिवृत्त थे और यहां संजय गांधी कॉलोनी में मकान बनाकर रहते थे।
उनका बेटा विदेश में नौकरी करता है, जबकि बेटी बैंक में अफसर है। उनके बड़े भाई ओपी सिंह जेलर के पद से सेवानिवृत्त हैं जो बैंक कॉलोनी में रहते हैं, जबकि छोटे भाई सहारनपुर में सीवीओ हैं।
दोपहर के वक्त योगेंद्रपाल सिंह अपने घर से बड़े भाई ओपी सिंह के घर उनसे मिलने जा रहे थे। पैदल रेलवे लाइन पार करते समय अचानक ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
सूचना पर गांधीपार्क पुलिस व जीआरपी भी पहुंच गई। शिनाख्त के बाद परिजन भी आ गए। गांधीपार्क पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। परिवार में इस एक्सीडेंट के बाद कोहराम मचा हुआ है।