न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू छात्र संघ एवं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिस के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जॉब फेयर में करीब 200 छात्र-छात्राओं को प्लेसमेंट की हरी झंडी मिल गई है। जबकि 300 से अधिक छात्र-छात्राओं को अभी रिजल्ट का इंतजार है। 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया था।
एएमयू ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिस जनरल के साद हमीद ने बताया कि दो दिवसीय रोजगार मेले में 1500 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया था। अभी तक 4-5 कंपनियों के परिणाम घोषित हुए हैं, जिसमें 200 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। अभी 70 से अधिक कंपनियों का रिजल्ट आना बाकी है। इसमें 300 छात्र-छात्राओं के चयन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह अब तक का सबसे बड़ा रोजगार मेला है। प्लस टू से लेकर पीएचडी तक के छात्रों का चयन हुआ है।
क्लास खुलने से छात्र हुए परेशान
रोजगार मेले के दौरान कक्षाएं चलने से छात्र-छात्राएं बेहद परेशान हुए। छात्र संघ सचिव मो. फहद के पास भी इसकी शिकायत पहुंची। उनका कहना है कि रोजगार मेले को ध्यान में रखते हुए एएमयू प्रशासन द्वारा कक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। बावजूद इसके कक्षाएं संचालित होने से छात्र बेहद परेशान हुए। उन्होंने इस संबंध में आर्ट फैकल्टी के डीन से फोन पर बात की। वाईफाई सुविधा बाधित रहने के कारण भी बाहर से आए विभिन्न कंपनियों के एचआर परेशान हुए।
विदेशी कंपनी के अधिकारी भी पहुंचे
जॉब फेयर में विदेशी कंपनी के एचआर भी पहुंचे। अंगोला की कंपनी के एचआर मैनेजर नोएडा आफिस से पहुंचे थे। साद हमीद ने बताया कि चयनित छात्र-छात्राएं अंगोला जाएंगे।