कैसे खाएं अंडा, चला महंगाई का डंडा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
सर्दी के आते ही अंडे की कीमतों पर महंगाई का डंडा चला है। कच्चे और उबालकर देने वाले अंडे के दामों में 50 से 80 फीसदी का इजाफा हुआ है। इस मूल्य वृद्धि का असर अंडे से बनने वाले अन्य आइटमों पर भी पड़ा है।
आमलेट, चीला, एगकरी जैसी डिशें भी इससे प्रभावित हुई हैं। दामों में अचानक आए इस उछाल के लिए मांग में बढ़ोतरी और आपूर्ति में कमी को वजह माना जा रहा है।
डाक्टरों के मुताबिक एक उबला अंडा प्रतिदिन नाश्ते में बच्चों को दें तो उन्हें संपूर्ण पोषण मिलेगा। लेकिन अब इस पोषण का निवाला भी उनकी पहुंच से दूर होता जा रहा है। पिछले दिनों कच्चे अंडे के दाम 3.50 से सात रुपये तक पहुंचे। वहीं उबले अंडे के दामों में भी दो रुपये का इजाफा।
अब उबला अंडा ढकेल पर 10 रुपये में मिल रहा है। इसी तरह आमलेट के दामों में भी पांच से 10 रुपये की वृद्धि कर दी गई। चीला पांच रुपये और एगकरी 10 रुपये प्लेट तक महंगी कर दी गई।
अंडा फार्म संचालक ठा. विवेक सिंह कहते हैं कि अंडे का उत्पादन गिरा हो, इसके तो कोई संकेत नहीं मिले हैं। लेकिन अंडे की मांग में इजाफा जरूर हो गया है। यही वजह है कि अचानक इसके दाम बढ़े हैं। उन्होेंने कहा कि आने वाले दिनों में अंडे के दामों में कमी आने की पूरी उम्मीद है।